सागर जिले में खाद्य विभाग का एक्शन मोड, 7 मिठाई दुकानों से भरे सैम्पल
त्योहारी सीजन में मिष्ठान दुकानों का सघन निरीक्षण, जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
सागर। त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग एक्शन मोड में है। बीना और खुरई में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिष्ठान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 7 प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
बीना एसडीएम आशीष सिंघल के निर्देशन में शिमला स्वीट्स से बर्फी और मैसूर पाक तथा अग्रवाल होटल से मावा, बूंदी और मगज के लड्डू के नमूने लिए गए। इसके बाद टीम ने खुरई में कार्रवाई करते हुए नरेश नमकीन एंड स्वीट्स से मावा और बीकानेर स्वीट्स से बेसन बर्फी, गोंदगिरी और मथुरा पेड़ा के नमूने एकत्र किए।
विभाग के अनुसार सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह और संदीप वर्मा शामिल रहे।


