सागर : जैसीनगर में स्कूल बस और तेज रफ्तार पिकअप की जोरदार भिड़ंत, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त
तेंदूडाबर के पास हुआ हादसा, बस में नहीं थे बच्चे; टक्कर के बाद पिकअप चालक मौके से फरार
सागर। जैसीनगर थाना क्षेत्र में ग्राम तेंदूडाबर के नजदीक सोमवार को एक तेज रफ्तार पिकअप और स्कूल बस के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त स्कूल बस में कोई बच्चा सवार नहीं था। वहीं, दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही जैसीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जैसीनगर संदीपनी विद्यालय की बस सेमरा गोपालमन से तेंदूडाबर की ओर बच्चों को लेने जा रही थी। इसी दौरान गांव के पास सामने से आ रही पिकअप से उसकी सीधी टक्कर हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
टोल टैक्स से बचने के लिए गांवों के रास्ते से निकलते हैं भारी वाहन
ग्रामीणों का कहना है कि टोल टैक्स बचाने के उद्देश्य से कई भारी वाहन सेमरा और तेंदूडाबर गांव के रास्ते से गुजरते हैं। इस दौरान वाहन तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे सड़क पर हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर दुर्घटना का खतरा बना रहता है।


