मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर: महिला समूह से 6-7 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी, आरोपित महिला पर एफआईआर की मांग

By: Admin Desk
सागर: महिला समूह से 6-7 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी, आरोपित महिला पर एफआईआर की मांग
Sponsor Ad

सागर: महिला समूह से 6-7 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी, आरोपित महिला पर एफआईआर की मांग

सागर। शहर के गोपालगंज थाना क्षेत्र के तिली वार्ड निवासी कुछ महिलाओं ने एक महिला पर स्वयं सहायता समूह के नाम पर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए थाना गोपालगंज में लिखित शिकायत दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि समूह की महिलाओं का विश्वास जीतकर उनके नाम से विभिन्न कंपनियों से करीब 6 से 7 लाख रुपये का ऋण निकलवाया गया और राशि अपने पास रख ली गई।

शिकायतकर्ताओं रेखा पटेल, गायत्री राय, सविता पटेल, शिब्बू पटेल सहित अन्य ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि सीमा पटेल ने आर्थिक परेशानी का हवाला देकर महिलाओं से उनके नाम पर लोन स्वीकृत कराया। आरोप है कि महिलाओं ने किस्त की राशि भी सीमा पटेल को ही दी, क्योंकि वह स्वयं किस्त जमा कराने की बात कहती थी।

आवेदन के अनुसार करीब 15 दिन पहले सीमा पटेल कथित रूप से ऋण की राशि लेकर और अपना मकान बेचकर कहीं चली गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पहले उन्हें रिश्तेदारी में जाने की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक उसका और उसके परिवार का कोई पता नहीं चल सका है। आरोप यह भी है कि मकान बेचने के बाद परिवार ने क्षेत्र छोड़ दिया है, जिससे महिलाएं आर्थिक संकट में आ गई हैं।

महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया है कि सीमा पटेल के पति गोपी पटेल तथा परिवार के अन्य सदस्यों की ओर से जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से धोखाधड़ी, छलपूर्वक विश्वासघात और धमकी देने के मामले में प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Admin Desk
By:

Admin Desk

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।