सड़क सुरक्षा के लिए 72 ट्रॉलियों में लगाए रेडियम रिफ्लेक्टर,रात्रि के समय सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए परिवहन विभाग ने चलाया अभियान
सागर। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा एवं रात्रि के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत आरटीओ अधिकारी मनोज तेहंगुरिया एवं उनकी टीम द्वारा आज दिनांक 24/11/2026 को खुरई रोड, कृषि मंडी चौराहा, सागर पर 72 ट्रॉलियों में रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने का कार्य किया गया तथा 12 बंडल रेडियम टेप वितरित किए गए। इसी क्रम में समस्त मंडी प्रांगणों में भी प्रतिदिन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में निःशुल्क रेडियम रिफ्लेक्टर टेप लगाए जाएंगे।
रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जाने से रात्रि के समय कम रोशनी एवं अंधेरे में भी ट्रॉलियां दूर से दिखाई दे सकेंगी, जिससे अन्य वाहन चालकों को समय रहते सावधान होने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने में मदद मिलेगी। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में सहायता मिलेगी।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया हमारा उद्देश्य चालान काटना नहीं, वल्कि लोगों की जान बचाना है। रेडियम टेप रात में दूर से चमकता है, जिससे हादसों में कमी आएगी। साथ ही ट्रेक्टिर ट्रॉली चालकों में इस बात की प्रसन्नसता थी कि पहले वे बिना रेडीयम टेप के ट्रेक्ट्र ट्रॉली संचालित करते थे, अब परिवहन अधिकारी द्वारा स्वयं निःशुल्क रेडीयम टेप लगाया जा रहा है, जिससे वह सुरक्षित रहेगें।
परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने वाहनों में आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की अपील की गई। साथ ही समस्त ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का संचालन रेडियम रिफ्लेक्टर लगाकर ही करें, ताकि रात्रिकालीन समय में दुर्घटना न हो।


