मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

रेलवे क्षेत्र में अवैध अहातों और कथित लूटपाट से परेशान वार्डवासी, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

By: गजेंद्र ठाकुर
रेलवे क्षेत्र में अवैध अहातों और कथित लूटपाट से परेशान वार्डवासी, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
Sponsor Ad

रेलवे क्षेत्र में अवैध अहातों और कथित लूटपाट से परेशान वार्डवासी, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

बीना। रेलवे क्षेत्र के छोटी बजरिया इलाके में शराब दुकान के सामने रेलवे की जमीन पर कथित रूप से संचालित अवैध अहाते और असामाजिक गतिविधियों को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। वार्डवासियों ने जीआरपी थाना बीना पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अवैध अहाते को बंद कराने और कथित लूटपाट की घटना में कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन एसआई मूलचंद ने प्राप्त किया। वार्डवासियों ने शिकायत में आरोप लगाया कि छोटी बजरिया स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे, अंग्रेजी एवं देसी कंपोजिट शराब दुकान के सामने रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण कर अवैध अहाता संचालित किया जा रहा है। आरोप है कि यहां लोगों को खुलेआम शराब पिलाई जाती है और आए दिन गाली-गलौज, विवाद, मारपीट सहित अन्य घटनाओं से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है।

ज्ञापन में भीमवार्ड निवासी सुंदरलाल रैकवार के साथ कथित लूटपाट का भी उल्लेख किया गया है। शिकायत के अनुसार सुंदरलाल छोटी बाजार जा रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोककर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। आरोप है कि इसके बाद उनकी जेब से 1100 रुपये जबरन ले लिए गए।

मामले को लेकर सुंदरलाल रैकवार सहित संतोष रैकवार, करन रैकवार, सोनू रैकवार, अनीता, मंजू रैकवार, सरस्वती अहिरवार सहित दर्जनों वार्डवासियों ने अवैध अहाते को तत्काल बंद कराने और घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसआई मूलचंद ने शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

जिलेभर में अवैध अहातों को लेकर उठते रहे सवाल

बीना का यह मामला अकेला नहीं है। सागर जिले के अलग-अलग कस्बों और शहरी क्षेत्रों में शराब दुकानों के आसपास कथित अवैध अहातों को लेकर समय-समय पर स्थानीय लोगों की शिकायतें सामने आती रही हैं। सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, महिलाओं और राहगीरों को होने वाली परेशानी तथा विवाद और आपराधिक घटनाओं की आशंका को लेकर ऐसे ठिकाने प्रशासन और आबकारी विभाग की निगरानी पर भी सवाल खड़े करते हैं। अब बीना के वार्डवासियों ने भी इस समस्या पर प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई है।

वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर कथित लूटपाट की घटना में कार्रवाई और अवैध अहाते को बंद कराने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो वे आंदोलन करेंगे।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।