मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

रानीपुरा के 49वें विराट दंगल में विधायक लारिया का बड़ा ऐलान, 50 लाख से बनेगा आधुनिक खेल स्टेडियम

By: गजेंद्र ठाकुर•
रानीपुरा के 49वें विराट दंगल में विधायक लारिया का बड़ा ऐलान, 50 लाख से बनेगा आधुनिक खेल स्टेडियम
Sponsor Ad

दिसंबर में जिला केसरी कुश्ती प्रतियोगिता कराने की घोषणा, मंगल भवन और अखाड़ा भवन का भी हुआ लोकार्पण

रानीपुरा (सागर)। रानीपुरा में आयोजित 49वें विराट दंगल के दौरान शनिवार को नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने रानीपुरा में 50 लाख रुपये की लागत से आधुनिक खेल स्टेडियम बनाने की बात कही। इस घोषणा के बाद स्थानीय युवाओं, पहलवानों और कुश्ती प्रेमियों में उत्साह देखने को मिला।

श्रीराम अखाड़ा समिति के तत्वावधान में आयोजित दंगल में विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि कुश्ती भारतीय परंपरा से जुड़ा खेल होने के साथ अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रशिक्षण, सुविधाओं और प्रतियोगिताओं के पर्याप्त अवसर मिलना जरूरी है।

विधायक ने कहा कि मौजूदा समय में खेल युवाओं के लिए करियर का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र भी बन चुके हैं। रानीपुरा में आधुनिक खेल स्टेडियम बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास करने के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए बेहतर सुविधा और मंच उपलब्ध हो सकेगा।

दिसंबर में होगी जिला केसरी कुश्ती प्रतियोगिता

दंगल के दौरान विधायक लारिया ने दिसंबर में जिला स्तरीय ‘जिला केसरी कुश्ती प्रतियोगिता’ आयोजित कराने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के जरिए जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली पहलवानों को एक मंच पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

मंगल भवन और अखाड़ा भवन का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने रानीपुरा में 4 लाख रुपये की लागत से तैयार मंगल भवन और 2 लाख रुपये की लागत से निर्मित अखाड़ा भवन का लोकार्पण भी किया। इन दोनों सुविधाओं के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक कार्यक्रमों के साथ खेल गतिविधियों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

दंगल में पहलवानों ने दिखाए दांव-पेंच

श्रीराम अखाड़ा समिति के आयोजन में हुए 49वें विराट दंगल में रानीपुरा के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में पहलवान और कुश्ती देखने के लिए खेलप्रेमी पहुंचे। अखाड़े में पहलवानों ने अपने दांव-पेंच और ताकत का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह रहा। आयोजन के जरिए रानीपुरा की पारंपरिक कुश्ती संस्कृति की झलक भी देखने को मिली।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण यादव, जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत सिंह लोधी, डॉ. राजेंद्र यादव, दुलारे उस्ताद, पप्पू तिवारी, मनीष यादव, सरपंच राजकुमार अहिरवार, आनंद विश्वकर्मा और अमित यादव सहित जनप्रतिनिधि, अखाड़ा समिति के पदाधिकारी, पहलवान तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।