सागर। भारतीय स्त्री शक्ति मध्यप्रदेश की सागर इकाई द्वारा राष्ट्रीय महिला आयोग की पहल ‘तेरे मेरे सपने’ के तहत 9 और 10 सितंबर को पूर्व वैवाहिक संवाद विषय पर परिचर्चा, संगोष्ठी एवं कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भारतीय स्त्री शक्ति मध्यप्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रतिभा तिवारी ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत स्वयं से करनी चाहिए। स्वस्थ जीवन के लिए योग, संतुलित आहार और मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि परिवार की जिम्मेदारियों को लेकर पारंपरिक और आधुनिक सोच के बीच संतुलन जरूरी है, ताकि किसी एक पक्ष पर मानसिक अथवा शारीरिक दबाव न पड़े।

मुख्य अतिथि 7 एमपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी सागर की प्रशासनिक अधिकारी मेजर प्रतिभा तिवारी ने कहा कि विवाह पूर्व काउंसलिंग को बढ़ावा दिया जाए तो पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव और तलाक के मामलों में कमी लाई जा सकती है। पूर्व वैवाहिक संवाद केवल दो व्यक्तियों को जोड़ने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि दो परिवारों और स्वस्थ समाज की नींव मजबूत करने का माध्यम है।
केंद्रीय विद्यालय सागर की पूर्व प्राचार्य श्रीमती अंजना गौर ने कहा कि सपने ही व्यक्ति को आगे बढ़ने का हौसला देते हैं। महिलाओं को अपने सपनों को पूरा करने के साथ देश के विकास में योगदान देने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि समाजसेवी श्रीमती आभा शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जन्मदिन जैसे अवसरों पर पौधरोपण को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
कार्यशाला का संचालन भारतीय स्त्री शक्ति जबलपुर इकाई की अध्यक्ष श्रीमती शैलबाला बैरागी ने किया। इसमें छात्राओं को साबुन बनाने, वस्त्रों पर टाई एंड डाई तथा बटिक प्रिंट की तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन एनसीसी छात्रा कुमारी कणिका ने किया। आभार भारतीय स्त्री शक्ति सागर की नगर अध्यक्ष डॉ. प्रज्ञा उपाध्याय ने व्यक्त किया। इस अवसर पर डीएमए विद्यालय की एनओ श्रीमती कविता प्रधान, श्रीमती चेतना तिवारी, श्रीमती उर्मिला तिवारी, श्रीमती श्वेता जैन, श्रीमती ज्योति गौतम सहित 7 एमपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी की छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के साथ हुआ।


