सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम भापेल में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। पुरानी खदान में भरे पानी में डूबने से दो सगे मासूम भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, भापेल गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर एक पुरानी खदान में पानी भरा हुआ है। इसी क्षेत्र के आसपास नागवंशी परिवार के लोग निवास करते हैं। रविवार को विनोद नागवंशी के दो बेटे गजेंद्र नागवंशी (4 वर्ष) और जागेंद्र नागवंशी (2 वर्ष) खेलते-खेलते अचानक खदान के पानी तक कैसे पहुंच गए, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी।
कुछ देर बाद जब दोनों बच्चे दिखाई नहीं दिए तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान दोनों बच्चे खदान के पानी में दिखाई दिए। सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। बताया गया कि एक बच्चे का शव पानी की सतह पर मिला, जबकि दूसरे बच्चे को तलाश कर पानी के अंदर से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मोतीनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मासूम बच्चों की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


