प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर प्रदेशभर में शाम 7 बजे एक साथ जलेंगे दीप; मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा
सागर, 14 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रज्ज्वलित विकास का दीपक देशभर में उजाला फैला रहा है। प्रधानमंत्री के सेवा और जिम्मेदारी के 25 वर्षों को समर्पित सेवा-संकल्प अभियान मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को प्रदेशवासी बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित कर उनके प्रति आभार व्यक्त करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और मध्यप्रदेश दीप प्रज्ज्वलन का विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को समत्व भवन में सेवा-संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्राम और नगर स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की पहले से तैयारी पूरी की जाए। अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय कर प्रभावी मॉनीटरिंग की जाए और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सभी कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
17 सितंबर को प्रदेशभर में एक साथ होगा दीप प्रज्ज्वलन
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम से होगी। उज्जैन के महाकाल महालोक सहित प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में शाम 7 बजे एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में लाभार्थी परिवारों और विभिन्न संस्थाओं को भी शामिल किया जाएगा। इसी दिन प्रदेश के सभी स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेजों में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। रक्त के संग्रहण, परिवहन और सुरक्षित भंडारण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस कार्यक्रम के राज्य प्रभारी नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय होंगे।
‘मेरे सपनों का भारत’ में होंगी चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं
सेवा-संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में 19 से 26 सितंबर तक जिलास्तरीय तथा 4 और 5 अक्टूबर को राज्यस्तरीय चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें शासकीय और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों की भागीदारी होगी। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार के साथ मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी स्कूल शिक्षा मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह होंगे।
सार्वजनिक स्थलों पर होंगे नुक्कड़ नाटक
‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ गतिविधि 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलेगी। इसके तहत विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी संस्कृति मंत्री श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी को दी गई है।
आंगनवाड़ियों में होगा ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम
26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक प्रदेश की सभी आंगनवाड़ियों में ‘आंगन मिलन सेवा’ आयोजित होगी। इसमें बच्चों और माताओं के लिए स्वल्पाहार, खेल सामग्री और पठन सामग्री की व्यवस्था की जाएगी। आंगनवाड़ियों में मुख्यमंत्री की अपील का वीडियो भी दिखाया जाएगा।
इस दौरान स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, एनीमिया और स्वच्छता से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम की राज्य प्रभारी महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया होंगी।
हितग्राहियों की ‘सेवा की कहानी’ भी होगी साझा
‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं से जिन हितग्राहियों के जीवन में बदलाव आया है, उनके संदेश आभार के रूप में जारी किए जाएंगे। इसकी राज्य प्रभारी नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी होंगी।
7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान जिला विकास पुस्तिकाओं का वितरण होगा और जिले में हुए विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग होंगे।
बड़नगर (गुजरात)-वाराणसी सेवा यात्रा 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी और प्रदेश के सभी जिलों से होकर गुजरेगी। इसके प्रभारी लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल होंगे।
सेवा गतिविधियों में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम 2 से 10 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। इसमें समाज के विभिन्न वर्गों और संस्थाओं की सहभागिता से अलग-अलग सेवा गतिविधियां संचालित होंगी। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह होंगे।
इसी अवधि में 2 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा सेतु अभियान’ भी चलेगा। विकासखंड स्तर तथा नगरीय निकायों में जोनवार शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इस कार्यक्रम को जनविश्वास अभियान से भी जोड़ा जाएगा। इसकी जिम्मेदारी लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल को दी गई है।
छह शहरों में बनेगी ह्युमन रंगोली
‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत 9 और 10 अक्टूबर को भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ और अलीराजपुर में बड़े स्तर पर जनभागीदारी से ह्युमन रंगोली बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि जबलपुर में इसका राज्यस्तरीय आयोजन होगा। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान होंगे।
स्टार्टअप और इनोवेटर्स भी होंगे शामिल
‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ 12 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। इसमें इन्क्यूबेटर्स, स्टार्टअप लीडर्स और इनोवेटर्स हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री श्री राकेश शुक्ला होंगे।
वहीं ‘सुशासन सेवा संवाद’ का राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित होगा। इसमें प्रदेश के पंच और सरपंच शामिल होंगे। इसकी जिम्मेदारी पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल को दी गई है।
‘25 साल-25 कहानियां’ और इन्फ्लूऐंसर एक्सचेंज भी अभियान का हिस्सा
‘25 साल-25 कहानियां’ कार्यक्रम के तहत प्रदेश के सभी जिलों में गणमान्य नागरिकों और प्रबुद्ध वर्ग के परिवारों को केन्द्र सरकार की ओर से प्राप्त किट भेंट की जाएंगी। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी उच्च शिक्षा मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार होंगे।
इसके अलावा ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा इन्फ्लूऐंसर एक्सचेंज’ कार्यक्रम के तहत अन्य राज्यों से मध्यप्रदेश आने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लूऐंसर प्रदेश के विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगे। इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी भी उच्च शिक्षा मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार को दी गई है।
सागर से अधिकारी वर्चुअली बैठक में जुड़े
समत्व भवन में हुई समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री प्रहलाद पटेल, श्री राकेश सिंह, सुश्री निर्मला भूरिया, श्री विश्वास सारंग, श्री नागर सिंह चौहान, श्री राकेश शुक्ला, श्री इन्दर सिंह परमार और राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल वर्चुअली शामिल हुए।
बैठक में मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव श्री नीरज मंडलोई, श्री केसी गुप्ता, श्री संजय दुबे, श्री अनुपम राजन, श्री संजय शुक्ला, श्री शिवशेखर शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सागर एनआईसी कक्ष से संभाग कमिश्नर श्री दिलीप कुमार, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश कुमार गोमे, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत और नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री सहित अन्य अधिकारी वर्चुअली बैठक में जुड़े।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा सेतु मेगा शिविरों की विकासखंडवार और जोनवार तैयारियां समय पर पूरी की जाएं, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में आने वाले प्रतिभागियों के आवागमन, भ्रमण और भोजन समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए।


