मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र के सहारे हासिल किए दो सरकारी टेंडर, EOW ने ठेकेदार और कंस्ट्रक्शन फर्म पर दर्ज किया केस

By: गजेंद्र ठाकुर•
फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र के सहारे हासिल किए दो सरकारी टेंडर, EOW ने ठेकेदार और कंस्ट्रक्शन फर्म पर दर्ज किया केस
Sponsor Ad

फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र के सहारे हासिल किए दो सरकारी टेंडर, EOW ने ठेकेदार और कंस्ट्रक्शन फर्म पर दर्ज किया केस

छतरपुर विभाग के नाम से तैयार कराया था कथित फर्जी प्रमाण पत्र, निवाड़ी में टेंडर हासिल करने के लिए किया इस्तेमाल

सागर। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की सागर इकाई ने सरकारी टेंडर हासिल करने के लिए कथित तौर पर फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र का इस्तेमाल करने के मामले में ठेकेदार और उसकी कंस्ट्रक्शन फर्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जांच में सामने आया है कि दस्तावेजों में हेरफेर कर सरकारी विभाग को गुमराह किया गया और इसी आधार पर दो टेंडर हासिल किए गए।

छतरपुर विभाग के नाम पर बनवाया फर्जी प्रमाण पत्र

EOW निरीक्षक आदेश कुमार जैन के मुताबिक, दमोह निवासी रोहित बरोलिया ने इस मामले की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ की टीम ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पता चला कि जय मां अम्बे कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर लखन प्रसाद कुर्मी ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री, खंड छतरपुर के नाम से एक अनुभव प्रमाण पत्र तैयार कराया था। इस प्रमाण पत्र में हैंडपंप में फंसी पाइपलाइन को बाहर निकालने के कार्य का अनुभव होने का उल्लेख किया गया था।

आरोप है कि लखन कुर्मी ने इसी प्रमाण पत्र को टेंडर प्रक्रिया में प्रस्तुत कर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड निवाड़ी के दो टेंडर अपने नाम करा लिए।

जांच में दस्तावेज निकले कूटरचित, FIR दर्ज

EOW की पड़ताल में संबंधित अनुभव प्रमाण पत्र वास्तविक नहीं पाया गया। दस्तावेजों की जांच के बाद ठेकेदार लखनलाल कुर्मी निवासी ग्राम सीतानगर, जिला दमोह और उनकी फर्म जय मां अम्बे कंस्ट्रक्शन के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।

निरीक्षक आदेश कुमार जैन ने बताया कि फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच में यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका भी सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।