मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

NH-44 पर प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, 20 से ज्यादा ढाबे-होटल और टपरे जमींदोज

By: गजेंद्र ठाकुर
NH-44 पर प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, 20 से ज्यादा ढाबे-होटल और टपरे जमींदोज
Sponsor Ad

NH-44 पर प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, 20 से ज्यादा ढाबे-होटल और टपरे जमींदोज

सागर। जिले में शासकीय जमीनों से अवैध कब्जे हटाने के लिए प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को NH-44 के किनारे बांदरी से मालथौन टोल टैक्स तक प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 से अधिक अवैध ढाबों, होटल, रेस्टोरेंट और टपरों को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया।

प्रशासन के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान हाईवे से लगी शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण और अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई से करोड़ों रुपये मूल्य की बेशकीमती सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।

इन स्थानों पर हुई कार्रवाई

प्रशासन की पूर्व मैपिंग और सीमांकन के आधार पर बांदरी से लेकर मालथौन अनुविभाग के ग्राम पलेथनी तक कई निर्माण चिन्हित किए गए थे। कार्रवाई के दौरान सौरभ होटल/सौरभ ढाबा, न्यू बुंदेला ढाबा, बुंदेला ढाबा, ओम साईं राम रेस्टोरेंट, राधा कृष्ण ढाबा और हरियाणा होटल सहित अन्य अवैध निर्माणों को हटाया गया।

इसके अलावा हाईवे किनारे बने कई अस्थाई टपरे, शेड और व्यावसायिक काउंटर भी प्रशासन ने जेसीबी की मदद से हटाए।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई

कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश और एसडीएम सतीश वर्मा के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग, नगर परिषद बांदरी और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। सुबह से ही जेसीबी और बुलडोजर मौके पर पहुंच गए थे, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए बांदरी और मालथौन थाने का पुलिस बल तैनात रहा।

कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक, पटवारी और नगर परिषद का अमला भी मौके पर मौजूद रहा।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खास तौर पर राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख मार्गों के किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।

प्रशासन का कहना है कि हाईवे किनारे होने वाले अवैध निर्माण जहां सरकारी जमीन पर कब्जे का कारण बनते हैं, वहीं कई बार यातायात और सड़क सुरक्षा के लिए भी परेशानी खड़ी करते हैं।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।