मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

त्योहारों पर मिलावटखोरों पर नकेल, बीना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए मिठाइयों के सैंपल

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
Sponsor Ad
त्योहारों पर मिलावटखोरों पर नकेल, बीना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए मिठाइयों के सैंपल

त्योहारों पर मिलावटखोरों पर नकेल, बीना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए मिठाइयों के सैंपल

सागर। रक्षाबंधन और आगामी त्योहारों को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जिले में विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमें लगातार मिष्ठान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही हैं।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप वर्मा और शीतल सिंह की टीम ने बीना के सर्वोदय चौक, गांधी तिराहा सहित प्रमुख क्षेत्रों में स्थित मिष्ठान प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान राजहंस स्वीट्स एवं शिमला स्वीट्स से मावा बर्फी, बेसन लड्डू, बर्फी और मावा के नमूने लिए गए। बीकानेर स्वीट्स गांधी तिराहा से मावा एवं नमकीन के सैंपल लिए गए, जबकि नटराज होटल से डोडा बर्फी, मूंग बर्फी और सेलिब्रेशन गिफ्ट पैक के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान राजहंस स्वीट्स पर खुले में रखी जलेबी और इमरती में मक्खियां भिनभिनाती मिलीं। टीम ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संचालक को फटकार लगाई और अस्वच्छ खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई। संचालक को खाद्य पदार्थ ढंककर और स्वच्छ वातावरण में रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा लापरवाही पाए जाने पर प्रतिष्ठान का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी मिष्ठान विक्रेताओं को त्योहारों के दौरान मांग के अनुसार ही सीमित मात्रा में मिठाइयां तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बासी एवं गुणवत्ताहीन खाद्य सामग्री के विक्रय पर रोक लगाई जा सके।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिलेभर में मिष्ठान एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।