त्योहारों को लेकर नगर निगम की कार्रवाई, सड़क से हटाईं राखी-रुमाल की दुकानें
सागर। आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम सागर ने पुलिस एवं ट्रैफिक पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मस्जिद चौराहे से राधा तिराहा तक सड़क के दोनों ओर लगी राखी और रुमाल की दुकानों को हटाया गया।

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देश पर की गई कार्रवाई में सड़क और यातायात व्यवस्था में बाधा बन रहे अव्यवस्थित वाहनों पर भी जुर्माने की कार्रवाई की गई। फुटपाथ व्यापारियों को समझाइश दी गई कि वे सड़क पर दुकानें लगाकर यातायात और आमजन की आवाजाही प्रभावित न करें।
अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा सड़क पर दुकान लगाने पर नियमानुसार सामग्री जब्त की जाएगी। त्योहारों के दौरान कटरा बाजार, विशेषकर मस्जिद चौराहे के आसपास व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम, पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की निगरानी एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई का उद्देश्य बाजार क्षेत्र में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों को खरीदारी के दौरान परेशानी से बचाना है।


