मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

नदी में फैले करंट ने ली किसान की जान, बचाने उतरा ग्रामीण भी गंभीर रूप से झुलसा

रिपोर्ट: खबर का असर .कॉम
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
नदी में फैले करंट ने ली किसान की जान, बचाने उतरा ग्रामीण भी गंभीर रूप से झुलसा

नदी में फैले करंट ने ली किसान की जान, बचाने उतरा ग्रामीण भी गंभीर रूप से झुलसा

सागर। जिले के केसली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मंगेला में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। नदी के पानी में फैले बिजली के करंट की चपेट में आने से 45 वर्षीय किसान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसे बचाने के प्रयास में नदी में उतरा एक अन्य ग्रामीण भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मंगेला की नदी में एक विद्युत मोटर का बिजली का तार टूटकर पानी में गिर गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में करंट फैल गया। इसी दौरान बलराम पिता भैयालाल ठाकुर (45) खेत जाने के लिए नदी पार कर रहे थे। जैसे ही वह पानी में उतरे, करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के भाई हेमराज सिंह ने बताया कि बलराम रोज की तरह खेत जाने के लिए नदी पार कर रहे थे। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि नदी में बिजली का तार गिरा हुआ है। पानी में उतरते ही उन्हें तेज करंट लगा और उनकी जान चली गई।

घटना के दौरान बलराम को बचाने के लिए एक अन्य ग्रामीण नदी में उतरा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसडीओपी अरुण कुमार उइके ने बताया कि नदी में करंट फैलने से एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है कि बिजली का तार नदी में कैसे गिरा तथा इस हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है।

खबर का असर .कॉम
लेखक

खबर का असर .कॉम

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।