मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

शादी से इनकार किया तो प्रेमी ने प्रेमिका के गले पर चला दिया चाकू, हाथ बीच में आने से बची जान

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
शादी से इनकार किया तो प्रेमी ने प्रेमिका के गले पर चला दिया चाकू, हाथ बीच में आने से बची जान
Sponsor Ad

शादी से इनकार किया तो प्रेमी ने प्रेमिका के गले पर चला दिया चाकू, हाथ बीच में आने से बची जान

सागर। एकतरफा प्यार में युवती पर शादी का दबाव बना रहे युवक ने खौफनाक कदम उठा लिया। मोतीनगर थाना क्षेत्र के बल्लभनगर वार्ड में शनिवार दोपहर युवक ने युवती के गले पर चाकू से हमला कर दिया। युवती ने बचाव के लिए हाथ आगे कर दिया, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन गले और हाथ में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार 24 वर्षीय युवती की पहचान जैसीनगर क्षेत्र के बड़ौनिया निवासी संदेश बड़ौनिया से थी। युवती का आरोप है कि संदेश उससे एकतरफा प्यार करता था और लगातार शादी के लिए दबाव बनाता था। इसी बीच युवती की सरकारी नौकरी लग गई और कुछ समय पहले उसकी शादी भी किसी दूसरे युवक से तय हो गई।

शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे आरोपी युवती के घर पहुंचा और उससे शादी करने की जिद करने लगा। युवती ने इनकार किया तो आरोपी ने जेब से चाकू निकाल लिया और उसके गले पर वार कर दिया। खतरा भांपकर युवती ने हाथ आगे कर दिया, जिससे चाकू का वार सीधे गले पर गंभीर रूप से नहीं लगा। इसके बावजूद उसके गले और हाथ में चोट आई।

युवती के चीखने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग निकला। परिजन घायल युवती को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर युवती के बयान दर्ज किए और उसके आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया।

चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही मोतीनगर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटे में संदेश बड़ौनिया को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।