मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सरपंच पर अनियमितताओं और ग्रामीणों से अत्याचार के आरोप, अवैध शराब-जुआ में संलिप्तता की भी शिकायत

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
Sponsor Ad
सरपंच पर अनियमितताओं और ग्रामीणों से अत्याचार के आरोप, अवैध शराब-जुआ में संलिप्तता की भी शिकायत

सरपंच पर अनियमितताओं और ग्रामीणों से अत्याचार के आरोप, अवैध शराब-जुआ में संलिप्तता की भी शिकायत

सागर। राहतगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत गड़ोली कला में पंचायत संबंधी अनियमितताओं और ग्रामीणों के साथ कथित अत्याचार को लेकर पांच ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। आवेदन 24 अगस्त 2026 को दिया गया है।

आवेदन में शिवप्रसाद यादव, उद्धम यादव, सुरेंद्र यादव, दशरथ यादव और सत्यपाल यादव ने ग्राम पंचायत गड़ोली कला के सरपंच इंद्र कुमार यादव सहित सात लोगों के खिलाफ शिकायत की है। आवेदकों का आरोप है कि अनावेदकगण एक ही परिवार से संबंधित हैं और पंचायत में प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए ग्रामीणों के साथ आए दिन विवाद एवं कथित रूप से दबाव बनाया जाता है।

शिकायत में सरपंच पर अवैध शराब और जुआ गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप भी लगाए गए हैं। आवेदकों ने इन आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराकर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि ग्राम गड़ोली कला स्थित सार्वजनिक राज मंदिर में ताला लगा दिया गया है, जिससे ग्रामीणों को मंदिर में पूजा-अर्चना करने में परेशानी हो रही है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी जाती हैं और उनके साथ मारपीट की घटनाएं भी हुई हैं। उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।

पंचायत के विकास कार्यों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में सड़क निर्माण, पंचायत में बनाए गए चार तालाबों और शासन की विभिन्न योजनाओं की जांच की मांग की गई है। आवेदकों ने आरोप लगाया है कि पात्र लोगों को पक्की लेट्रिन और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ नहीं दिया जा रहा है।

आवेदन में सरपंच पर पद का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार के माध्यम से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की जमीन, पोकलेन मशीन, जेसीबी और दो स्कॉर्पियो परिवार के सदस्यों के नाम पर खरीदे जाने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

आवेदकों ने कलेक्टर से पंचायत में विकास कार्यों, कथित भ्रष्टाचार, अवैध शराब एवं जुआ में संलिप्तता, ग्रामीणों के साथ की जा रही घटनाओं और बेजा कब्जे की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।