मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर: सिविल ड्रेस में गुंडागर्दी करते पुलिसकर्मी! शराब दुकान पर हंगामे का कथित CCTV फुटेज वायरल

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
सागर: सिविल ड्रेस में गुंडागर्दी करते पुलिसकर्मी! शराब दुकान पर हंगामे का कथित CCTV फुटेज वायरल
Sponsor Ad

शराब दुकान पर पुलिसकर्मियों के हंगामे का कथित CCTV फुटेज वायरल, ऑडियो में गाली-गलौज और धमकी के आरोप

सागर। सानौधा थाना क्षेत्र की शाहपुर पुलिस चौकी अंतर्गत शराब दुकान पर पुलिसकर्मियों के कथित हंगामे का CCTV फुटेज और वॉइस रिकॉर्डिंग सामने आई है। घटना 16 अगस्त की रात की बताई जा रही है। फुटेज में कुछ पुलिसकर्मी, जिनमें सिविल ड्रेस में मौजूद कर्मी भी शामिल हैं, शराब दुकान के कर्मचारियों से बातचीत और विवाद करते नजर आ रहे हैं।

सामने आई कथित वॉइस रिकॉर्डिंग में एक आरक्षक द्वारा दुकान कर्मचारियों से बहस, गाली-गलौज और पुलिस की धौंस दिखाने जैसी बातें सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। रिकॉर्डिंग में ‘सेठ को बुलाओ’ तथा चौकी में कौन है और कौन नहीं, जैसी बातें भी सुनाई दे रही हैं। वहीं शराब दुकान के खुलने-बंद होने के समय और पैसे से संबंधित बातचीत का अंश भी रिकॉर्डिंग में बताया जा रहा है।

CCTV फुटेज में दुकान के बाहर पुलिसकर्मी और कर्मचारी बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। विवाद के दौरान कर्मचारियों द्वारा फोन पर किसी व्यक्ति से आरक्षक की बात भी कराए जाने की बात सामने आई है। हालांकि पूरा घटनाक्रम किस वजह से हुआ और बातचीत का वास्तविक संदर्भ क्या था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

मामला सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में भी पहुंचा है। पुलिस स्तर पर फुटेज में दिखाई दे रहे पुलिसकर्मियों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। शाहपुर चौकी प्रभारी के अनुसार, इस संबंध में फिलहाल कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

गौरतलब है कि शहर सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सिविल ड्रेस में एक से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती देखी जा रही हैं बता दें थाना स्तर पर सूचना संकलन के लिए भी एक एक पुलिसकर्मी तैनात किए जाते हैं। ऐसे में शराब दुकान पर सामने आए इस कथित विवाद को लेकर अब जांच और अधिकारियों की रिपोर्ट का इंतजार है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटनाक्रम की वास्तविकता क्या है और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका में कोई अनियमितता पाई जाती है या नहीं।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।