सागर: पति से कथित प्रेम संबंधों का शक बना खूनी रंजिश की वजह, पेट्रोल डालकर मां-बेटी को जलाने वाली महिला गिरफ्तार
गंभीर रूप से झुलसी मां और बेटी ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, आरोपी ने पुलिस पूछताछ में जुर्म कबूला; तीन महीने पहले भी महिला को जलाने की कोशिश करने की बात आई सामने
सागर जिले के बीना थाना क्षेत्र के गोदना गांव में मां और बेटी को पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात की आरोपी महिला काजल गोस्वामी (28) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसे अपने पति और गिरजाबाई के बीच कथित प्रेम संबंधों को लेकर नाराजगी थी। इसी बात को लेकर उसने मां-बेटी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मां के बाद बेटी ने भी दम तोड़ा
घटना 2 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे गोदना गांव में हुई थी। गिरजा अपने घर पर 13 वर्षीय बेटी आयुषी के साथ मौजूद थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली उनकी रिश्ते की देवरानी काजल गोस्वामी उनके घर पहुंची और दोनों पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी मां-बेटी की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
इस घटना में गिरजाबाई का शरीर करीब 100 प्रतिशत और आयुषी का लगभग 70 प्रतिशत तक झुलस गया था। शुरुआती इलाज बीना में कराने के बाद दोनों को सागर रेफर किया गया। बाद में आयुषी को बेहतर उपचार के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार को इलाज के दौरान पहले मां गिरजाबाई की मौत हुई और देर रात बेटी आयुषी ने भी दम तोड़ दिया।
मरने से पहले मां-बेटी ने बताया था आरोपी का नाम
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अस्पताल में भर्ती मां-बेटी के बयान कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए थे। गंभीर रूप से झुलसी हालत में दिए गए इन बयानों में दोनों ने काजल पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया था।
इसके अलावा गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग में भी वारदात के समय काजल की मौजूदगी से जुड़े फुटेज मिले थे। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान काजल ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
### पति से कथित संबंधों को लेकर थी नाराजगी
पुलिस पूछताछ में काजल ने बताया कि उसे अपने पति आकाश और गिरजाबाई के बीच कथित प्रेम संबंधों को लेकर आपत्ति थी। इसी बात को लेकर उसके मन में नाराजगी थी और उसने वारदात की योजना बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले ही उसने अपनी स्कूटी से पेट्रोल निकालकर अलग रख लिया था।
वारदात के दिन सीसीटीवी कैमरों की नजर से बचने के लिए उसने घर के पीछे वाले रास्ते का इस्तेमाल किया। वह स्टील के डिब्बे में पेट्रोल लेकर गिरजाबाई के घर पहुंची। वहां कमरे में मां-बेटी को देखकर उसने दोनों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और वहां से भाग निकली। पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरजाबाई का चेहरा जलाना चाहती थी।
### अगस्त में भी की थी जलाने की कोशिश
पुलिस की पूछताछ में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। आरोपी काजल ने बताया कि उसने अगस्त में भी गिरजाबाई को जलाकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय वह अपने इरादे में सफल नहीं हो पाई थी।
इस बार वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए उसने सबूत मिटाने की कोशिश भी की। पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद काजल सबसे पहले अपने घर गई और कपड़े बदल लिए। इसके बाद पहने हुए कपड़ों को स्कूटी पर रखकर बायपास रोड पहुंची और झाड़ियों में फेंक दिया। वहां से वह सीधे अस्पताल चली गई, ताकि किसी को उस पर शक न हो। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।








