सागर: नगर में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक, नगर निगम की अनदेखी पर उठे सवाल
सागर। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन लोगों को कुत्तों के काटने और उनके पीछे दौड़ने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे नागरिकों में डर का माहौल बना हुआ है। अब स्थिति यह है कि कई इलाकों में आवारा कुत्ते झुंड के झुंड घूमते नजर आते हैं और राहगीरों, बच्चों तथा दोपहिया वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर नगर निगम प्रशासन से लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। शिकायतों के बावजूद कुत्तों की धरपकड़, नसबंदी और प्रभावी नियंत्रण को लेकर जमीनी स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
शहर के कई हिस्सों में शाम होते ही कुत्तों के झुंड सक्रिय हो जाते हैं। वाहन चालकों के पीछे दौड़ने से दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। वहीं बच्चों और बुजुर्गों को घर से निकलने में भी डर लगने लगा है।
नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि शिकायतों को केवल कागजों तक सीमित रखने के बजाय शहर में विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों की समस्या का वैज्ञानिक और स्थायी समाधान किया जाए। साथ ही जिन क्षेत्रों में लगातार शिकायतें मिल रही हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए, ताकि शहरवासियों को इस बढ़ते आतंक से राहत मिल सके।
वहीं इस मामलें में उपायुक्त एस एस बघेल से बात करनी चाही तो उनका बीपी बढ़ा होने के चलते वे अस्पताल में निकल गए।


