सागर में वनकर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी: 4,506 कर्मचारियों को प्रमोशन, खाली पद भी जल्द भरेंगे
सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में कर्मचारियों और अधिकारियों को पदोन्नति देने की प्रक्रिया के साथ ही पदोन्नति के बाद खाली होने वाले पदों को भरने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल की कृपा से सरकार को यह कार्य करने का अवसर मिला है और उम्मीद है कि प्रदेश में ऐसा सकारात्मक वातावरण आगे भी बना रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जंगलों में पेड़-पौधे सुरक्षित और आबाद रहेंगे, तभी उनसे मिलने वाली ऑक्सीजन से जीवन संभव है। वन विभाग के कर्मचारी और अधिकारी जंगलों में कई बार बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में ड्यूटी करते हैं और कई मौकों पर उन्हें बिना हथियार के भी खतरनाक परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार प्रदेश के हित में जो भी बेहतर कार्य संभव होगा, उसे लगातार करने का प्रयास करेगी। उन्होंने मध्यप्रदेश की वन संपदा को प्रदेश की बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि राज्य की नदियां कई दूसरे राज्यों की जल जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसी वजह से मध्यप्रदेश को नदियों का मायका कहा जाता है।
मुख्यमंत्री सोमवार को आईआईएफएम में वन विभाग की ओर से आयोजित पदोन्नति आभार सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कर्मचारियों के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी देखकर उन्हें संतोष हुआ। कर्मचारियों की प्रसन्नता से यह महसूस होता है कि लंबे समय से जरूरी इस फैसले को लागू करना कितना महत्वपूर्ण था।
उन्होंने बताया कि वन विभाग में कुल 25,379 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 18 हजार से अधिक पदों पर वन अमला वर्तमान में कार्यरत है। सरकार ने विभाग में रिक्त पदों को भरने के लिए भी आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
कार्यक्रम में वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत भी मौजूद रहे। इस दौरान वन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होने के बाद प्रदेश के कुल 4,506 कर्मचारियों को पदोन्नति दी जा चुकी है।
रायसेन की सहायक वन संरक्षक रजनीश शुक्ला ने पदोन्नति का रास्ता खोलने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उन्हें वन क्षेत्रपाल के पद से सहायक वन संरक्षक के पद पर पदोन्नति मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इस फैसले से हजारों कर्मचारियों में खुशी है और अब वे पहले से अधिक उत्साह और ऊर्जा के साथ काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक करीब दस साल से रुकी पदोन्नति प्रक्रिया दोबारा शुरू होने से वन विभाग के कर्मचारियों में नया उत्साह आया है।
वन मंडल ओबेदुल्लागंज की वन क्षेत्रपाल सीमा राज गौड़ ने भी पदोन्नति के बाद कर्मचारियों में बढ़े उत्साह का उल्लेख किया। उन्होंने कार्यक्रम में अपना संबोधन पढ़कर सुनाया।
वनपाल कल्पना गौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की पदोन्नति का रास्ता साफ किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं का ध्यान रखने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए यह पदोन्नति रक्षाबंधन पर भाई की ओर से मिलने वाले उपहार की तरह है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पदोन्नत हुए कर्मचारियों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें सम्मानित किया।


