चाय की दुकानों से लेकर पेट्रोल पंप तक पहुंचकर लोगों से किया संवाद, भाजपा सरकार के खिलाफ लगाए नारे
सागर। महंगाई के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने ‘जनता की आवाज’ अभियान के तहत बुधवार को शहर में विरोध प्रदर्शन किया। शहर के तीनों कांग्रेस ब्लॉकों में कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चाय की दुकानों, होटलों, किराना दुकानों, पेट्रोल पंपों और राह चलते लोगों से बातचीत कर महंगाई को लेकर उनकी समस्याएं जानीं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि चीनी के बढ़े हुए दामों का असर चाय और मिठाइयों की कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है। उनका कहना था कि रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं महंगी होने से आम लोगों में भाजपा सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल की कीमतों को लेकर भी लोगों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पेट्रोल महंगा होने के कारण कई लोग अपनी जरूरत के हिसाब से 10, 25 या 50 रुपए का ही पेट्रोल डलवाकर काम चला रहे हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल में 32 प्रतिशत इथेनॉल मिलाए जाने का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इससे लोगों को पेट्रोल का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
महंगाई को लेकर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी
कार्यकर्ताओं ने कहा कि खाद्य सामग्री के दाम बढ़ने का असर कारोबार पर भी पड़ रहा है। महंगे सामान के कारण दुकानों पर ग्राहकों की संख्या कम हो रही है। उन्होंने दावा किया कि रक्षाबंधन जैसे त्योहार के बावजूद बाजारों में अपेक्षित भीड़ नजर नहीं आ रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए कहा— ‘खा गई शक्कर, पी गया तेल, यह देखो भाजपा का खेल।’
जिला अध्यक्ष बोले- महंगाई से आम जनता परेशान
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आम आदमी महंगाई से जूझ रहा है। रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार जनता की परेशानियों पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम लोगों की समस्याओं को लेकर सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाएगी और अभियान को हर वार्ड तक ले जाया जाएगा।
महेश जाटव ने भाजपा पर व्यापारियों के साथ सांठगांठ का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है।
ब्लॉक क्रमांक-1 के अध्यक्ष हेमराज रजक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ा रही है।
ब्लॉक क्रमांक-2 के अध्यक्ष वीरेंद्र राजे ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहेगा।
ब्लॉक क्रमांक-3 के अध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा ने कहा कि यह प्रदर्शन महंगाई से परेशान लोगों की आवाज को सामने लाने का प्रयास है।
कार्यक्रम में शैलेंद्र तोमर, अवधेश तोमर, लीलाधर सूर्यवंशी, कमलेश तिवारी, नीलेश अहिरवार, हीरालाल चौधरी, युवा कांग्रेस के चक्रेश रोहित, मान सिंह चौधरी, गंगाराम चौधरी और हरिश्चंद्र सोनवार सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


