मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में खाद्य सुरक्षा विभाग का मिलावटखोरों पर शिकंजा, मिठाई कारखाने और होटल से नमूने जब्त

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
सागर में खाद्य सुरक्षा विभाग का मिलावटखोरों पर शिकंजा, मिठाई कारखाने और होटल से नमूने जब्त
Sponsor Ad

सागर में खाद्य सुरक्षा विभाग का मिलावटखोरों पर शिकंजा, मिठाई कारखाने और होटल से नमूने जब्त

सागर। आगामी त्योहारों को देखते हुए आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। भोपाल से मिले राज्य स्तरीय निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के कड़े रुख के बाद जिले में सघन जांच अभियान शुरू किया गया है।

​अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह ने बम्होरी बिका स्थिति ‘राजस्थान स्वीट्स’ के कारखाने पर औचक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान संचालक को दस्तावेज जमा करने और कारखाने में कीट नियंत्रण (पेस्ट कंट्रोल) कराने की सख्त हिदायत दी गई। टीम ने मौके से मीठा मावा, बेसन लड्डू, मोतीचूर दाना और मिल्क केक के नमूने जब्त किए।

​इसके बाद कटरा स्थित ‘न्यू शुभम होटल/रेस्टोरेंट’ में ग्राहक की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की गई। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर कमियां मिलने पर संस्थान को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया जा रहा है। यहां की रसोई से पनीर और तुअर दाल के नमूने भी जांच के लिए लिए गए।

​खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह ने बताया कि सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी या सामग्री अमानक पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कठोर कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

फंगस वाली मिठाई बेची तो रद्द होगा लाइसेंस

कार्रवाई के साथ ही खाद्य विभाग ने जिले के सभी मिष्ठान विक्रेताओं को चेतावनी जारी की है। वर्षा ऋतु में मिठाइयों में फंगस लगने की आशंका को देखते हुए विक्रेताओं को दैनिक खपत के हिसाब से ही निर्माण करने और ‘यूज-बाय डेट’ (इस्तेमाल की अंतिम तिथि) का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है। विशेषकर छेना आधारित मिठाइयों की बिक्री में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने साफ किया है कि बासी, फंगस युक्त या दूषित सामग्री मिलने पर संस्थान का लाइसेंस तुरंत निरस्त किया जाएगा। नमूना असुरक्षित पाए जाने पर अधिनियम के तहत जेल और जुर्माने का भी कड़ा प्रावधान है।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।