मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में चाय की दुकान पर खूनी खेल, जीजा के सिर पर पाइप से ताबड़तोड़ वार

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
सागर में चाय की दुकान पर खूनी खेल, जीजा के सिर पर पाइप से ताबड़तोड़ वार

चाय की दुकान पर खूनी खेल, जीजा के सिर पर पाइप से ताबड़तोड़ वार

जनचिंगारी- सागर। मकरोनिया थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक युवक ने अपने जीजा की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मानस नगर निवासी अंकित पटेल के रूप में हुई है। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक लोहे के पाइप से अंकित के सिर पर लगातार हमला करता दिखाई दे रहा है। पुलिस के अनुसार महज 16 सेकंड के दौरान सिर पर करीब 14 वार किए गए। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह हमला करता रहा।

अंतरजातीय विवाह के बाद तलाक, फिर भी जारी था विवाद

पुलिस के मुताबिक अंकित ने वर्ष 2020 में जय द्विवेदी की बहन से अंतरजातीय विवाह किया था। इस विवाह को लेकर जय पहले से नाराज बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार जय चाहता था कि उसकी बहन की शादी उसके ही समाज के किसी युवक से हो।

बाद में अंकित और उसकी पत्नी का तलाक हो गया। पुलिस का कहना है कि तलाक के बाद भी अंकित अपनी पूर्व पत्नी को दोबारा साथ रहने के लिए कह रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश बनी हुई थी। पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम और विवाद की वजहों की जांच कर रही है।

चाय की दुकान पर आमना-सामना, देखते ही देखते खूनी संघर्ष

रविवार दोपहर जय अपने कुछ दोस्तों के साथ मकरोनिया क्षेत्र की एक चाय की दुकान पर पहुंचा था। वहां अंकित पहले से मौजूद था। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि इसी दौरान जय ने लोहे का पाइप उठाकर अंकित के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने लगातार कई वार किए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

लोगों ने छुड़ाने की कोशिश की

घटना के सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी युवक अंकित पर लगातार पाइप से हमला करता नजर आ रहा है। फुटेज में दिखाई देता है कि आसपास मौजूद लोग उसे रोकने और अंकित को बचाने का प्रयास करते हैं, लेकिन आरोपी कुछ समय तक हमला करता रहता है।

बताया जा रहा है कि करीब 16 सेकंड के भीतर अंकित के सिर पर पाइप से 14 वार किए गए। आखिरकार मौके पर मौजूद एक युवक ने आरोपी को पकड़कर उससे अलग किया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही जिंदगी की जंग हारे अंकित

घटना की सूचना मिलते ही मकरोनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अंकित को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने तीन आरोपियों को किया चिह्नित

पुलिस के अनुसार मामले में जय द्विवेदी, राजुल समेत तीन आरोपियों को चिह्नित किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

16 सेकंड का हमला और जिंदगी खत्म

इस वारदात ने मकरोनिया क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। मामूली बातचीत से शुरू हुआ विवाद कुछ ही पलों में जानलेवा हमले में बदल गया। सीसीटीवी फुटेज में जिस तरह लगातार पाइप से हमला किया गया, उसने घटना की गंभीरता को सामने ला दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में शामिल तीनों आरोपियों की भूमिका क्या थी और हत्या के पीछे पूर्व विवाद के अलावा कोई अन्य वजह भी थी या नहीं।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →