सागर में बकरी चराने को लेकर खूनी संघर्ष, पिता-पुत्र की मौत; मां-बेटी गंभीर घायल
राहतगढ़ के काठौंदा गांव में दो पक्षों में लाठी-कुल्हाड़ी से हमला, दोनों ओर से क्रॉस केस दर्ज; गांव में पुलिस बल तैनात
सागर। राहतगढ़ थाना क्षेत्र के काठौंदा गांव में सोमवार शाम खेत में बकरी चराने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी और कुल्हाड़ी से मारपीट शुरू हो गई। हमले में एक पक्ष के पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष की मां और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुराने विवाद के बीच फिर आमना-सामना
बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। सोमवार शाम खेत में बकरियां चराने को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। कहासुनी बढ़ने के बाद मारपीट शुरू हो गई और दोनों तरफ से लाठी-कुल्हाड़ी चलने लगी।
हमले में पूरन आदिवासी और उनके बेटे बाबू आदिवासी को गंभीर चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष की सीमा अहिरवार और उनकी बेटी पूजा अहिरवार भी हमले में गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
घायल मां-बेटी पहुंचीं थाने, इसके बाद मिली पिता-पुत्र के घायल होने की सूचना
घटना के बाद घायल सीमा अहिरवार और पूजा अहिरवार राहतगढ़ थाने पहुंचीं और पूरन आदिवासी व बाबू आदिवासी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों का प्राथमिक उपचार कराया, जिसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सागर रेफर कर दिया गया।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव के पास खेत में पूरन आदिवासी और बाबूलाल लहूलुहान हालत में अचेत पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सिविल अस्पताल राहतगढ़ लेकर आई। यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
गांव में तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी योगेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया और थाना प्रभारी मुकेश सिंह ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रात हो जाने के कारण दोनों शवों को अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया है। मंगलवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
दोनों पक्षों पर मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस केस दर्ज किया है। घटना में शामिल फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वारदात के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।


