हत्या का फरार आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार, लोहे की पाइप और डंडे से पीटकर की थी हत्या
सागर। गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र में पानी बहाने के विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की पाइप और डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त को फरियादी उद्यम सिंह पिता मानकलाल रैकवार, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पाण्डे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके चाचा मंडले उर्फ कन्हई रैकवार और भतीजे रमेश रैकवार के बीच खेत में पानी बहाने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान मानकलाल रैकवार के साथ लोहे की पाइप और डंडे से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
रिपोर्ट पर थाना गढ़ाकोटा में अपराध क्रमांक 634/26, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी रहली के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर टीम गठित की गई।
पुलिस ने 28 अगस्त को आरोपी रमेश पिता कन्हई उर्फ मंडले रैकवार, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम पाण्डे, थाना गढ़ाकोटा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लोहे की पाइप और डंडा बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में थाना प्रभारी गौरव सिंह तिवारी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


