मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर के देवरी में कृषि योजनाओं का रियलिटी चेक, उप सचिव ने खेतों में पहुंचकर किसानों से जाना हाल

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
Sponsor Ad
सागर के देवरी में कृषि योजनाओं का रियलिटी चेक, उप सचिव ने खेतों में पहुंचकर किसानों से जाना हाल

सागर के देवरी में कृषि योजनाओं का रियलिटी चेक, उप सचिव ने खेतों में पहुंचकर किसानों से जाना हाल

सागर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग तथा आत्मा परियोजना द्वारा संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए श्री रोहित सीसोनिया, आईएएस, उप सचिव, कृषि विभाग, मध्यप्रदेश शासन ने सागर जिले के देवरी विकासखंड का भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत धरातल पर की जा रही गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा किसानों के खेतों पर पहुंचकर उनसे रूबरू होकर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

भ्रमण के दौरान उप सचिव श्री सीसोनिया ने सर्वप्रथम कृषि विज्ञान केंद्र, देवरी के प्रक्षेत्र का भ्रमण कर बीज उत्पादन संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने बीज उत्पादक संस्थाओं द्वारा उत्पादित बीजों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. आशीष त्रिपाठी ने विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यों से अवगत कराया।

इसके पश्चात उप सचिव ने मध्यप्रदेश राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम, बिजोरा के प्रक्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने भंडारण गृह का निरीक्षण करने के साथ ही ग्रेडिंग मशीन का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

श्री सीसोनिया ने नयागांव स्थित आत्मा परियोजना के अंतर्गत स्थापित बीआरसी केंद्र का निरीक्षण किया। साथ ही प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के तहत सब्सिडी पर स्थापित तेल मिल की गतिविधियों का जायजा लिया।

उन्होंने ग्राम सोनपुर में कृषि विभाग द्वारा लगाए गए सोयाबीन एवं मूंगफली फसल प्रदर्शन का अवलोकन किया तथा किसानों को उन्नत एवं बेहतर कृषि पद्धतियों के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया। इसके बाद ग्राम रामटेक, विकासखंड देवरी में कृषक श्री रूप बसंत लोधी के यहां संचालित कस्टम हायरिंग सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने सेंटर में उपलब्ध विभिन्न कृषि मशीनों के उपयोग तथा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।

भ्रमण के दौरान उप संचालक कृषि श्री राजेश त्रिपाठी, परियोजना संचालक आत्मा श्री एम.के. प्रजापति, डॉ. आशीष त्रिपाठी, श्री भूपेंद्र सिंह, श्री उमाशंकर प्रजापति, श्री प्रभांशु दुबे, श्रीमती कल्पना जैन सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं एवं कृषक हित में किए जा रहे कार्यों की प्रगति से उप सचिव को अवगत कराया।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।