सागर। मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और होमगार्ड मुख्यालय के निर्देशानुसार सागर जिले में आयोजित सात दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण का प्रथम सत्र रविवार को संपन्न हुआ। 17 से 23 अगस्त तक स्वामी विवेकानंद यूनिवर्सिटी सागर में आयोजित प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 150 आपदा मित्र वालेंटियर्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान वालेंटियर्स को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्य तथा आपदा के दौरान उनकी जिम्मेदारियों से संबंधित सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। बाढ़, भूकंप, सर्पदंश प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, इंप्रोवाइज राफ्ट, अग्निशमन उपकरणों का उपयोग, ध्वस्त ढांचे में खोज एवं बचाव, घायलों का प्राथमिक उपचार व परिवहन तथा आकस्मिक सेवाओं सहित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया गया।
समापन समारोह में डिवीजन कमांडेंट बीपी वर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि भारतीय स्त्री शक्ति मध्यप्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट भूपेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में कंपनी कमांडर अनिमेष राजपूत, प्लाटून कमांडर समीक्षा श्रीधर, हवलदार अनुदेशक ममता ठाकुर एवं SDRF टीम द्वारा किया गया।
सिविल डिफेंस के डिवीजन वार्डन राजेश मिश्रा ने रिसोर्स पर्सन के रूप में प्रशिक्षण में विशेष सहयोग दिया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ने सभी प्रशिक्षित आपदा मित्रों को इमरजेंसी किट और प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने आपदा की स्थिति में प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने के लिए वालेंटियर्स को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी वालेंटियर्स से प्रशिक्षण को लेकर फीडबैक भी लिया गया। समापन समारोह में होमगार्ड कार्यालयीन बल सहित सभी नामांकित आपदा मित्र वालेंटियर्स उपस्थित रहे।


