मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर : बंडा में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत, एक ने घर तोड़ा दम तो दूसरे की अस्पताल में गई जान

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
सागर : बंडा में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत, एक ने घर तोड़ा दम तो दूसरे की अस्पताल में गई जान

सेमरा रामचंद्र गांव की घटना, दोनों मृतक पहले से थे बीमार; घरों के आसपास मिले शराब के खाली क्वार्टर, जहरीली शराब के एंगल से भी जांच कर रही पुलिस

सागर। जिले के बंडा क्षेत्र में शराब सेवन के बाद दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। ग्राम सेमरा रामचंद्र में गुरुवार को डीसीआर की लाल मसाला शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से एक ने घर पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की टीम गांव पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी में दोनों मृतकों के पहले से बीमार होने की बात सामने आई है।

एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया के मुताबिक, मृतकों की पहचान कमलेश पिता नारायण लोधी (45) और चंद्रभान पिता मुलायम सिंह (42) के रूप में हुई है। दोनों सेमरा रामचंद्र गांव के निवासी थे। पुलिस ने उनके परिजनों के बयान दर्ज किए हैं और मेडिकल हिस्ट्री की भी जानकारी जुटाई है।

बंडा में पहले भी जहरीली शराब से हो चुकी हैं 36 से ज्यादा मौतें

गौरतलब है कि बंडा क्षेत्र में इससे पहले जहरीली शराब का बड़ा मामला सामने आ चुका है। इस घटना में अब तक 36 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। पुलिस ने मामले में 52 लोगों को आरोपी बनाया था। इनमें कथित मास्टरमाइंड, ठेकेदार और सप्लायर सहित 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ऐसे में ताजा घटना के बाद एक बार फिर शराब की जांच और उसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

मृतकों के घरों के आसपास मिले खाली क्वार्टर

दो लोगों की मौत की सूचना मिलने पर आबकारी विभाग की टीम गांव पहुंची। अधिकारियों ने दोनों मृतकों के घरों और आसपास के इलाकों में तलाशी ली। इस दौरान शराब के कुछ खाली क्वार्टर मिले, जिन्हें टीम ने अपने कब्जे में ले लिया। जब्त शराब के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतकों ने जिस शराब का सेवन किया था, उसकी गुणवत्ता कैसी थी।

कमलेश को थी पाइल्स की बीमारी, लगातार हो रहा था रक्तस्राव

एडिशनल एसपी ने बताया कि 45 वर्षीय कमलेश लोधी पहले से पाइल्स की बीमारी से पीड़ित था। उसे लगातार खून बहने की शिकायत थी। इसके बावजूद वह नियमित रूप से शराब का सेवन करता था। गुरुवार को भी उसने शराब पी थी। रात में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

चंद्रभान को पहले भी होती थी खून की उल्टियां

दूसरे मृतक 42 वर्षीय चंद्रभान की तबीयत भी लंबे समय से खराब चल रही थी। करीब तीन महीने पहले उसे बंसल हॉस्पिटल और भाग्योदय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे खून की उल्टियां होने की शिकायत थी। पुलिस के अनुसार, चंद्रभान भी शराब पीने का आदी था।

गुरुवार को शराब पीने के बाद वह पत्थर की खदान में मजदूरी करने चला गया। वहां से सिर में तेज दर्द होने के कारण घर लौट आया। इसके बाद उसने खाना भी नहीं खाया और सो गया। इसी दौरान उसकी मौत हो गई।

कमलेश के घर सहित दो स्थानों पर आबकारी विभाग की कार्रवाई

सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडेय ने बताया कि कमलेश पहले शराब बेचने का काम करता था। इस संबंध में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने उसके घर सहित दो स्थानों पर दबिश दी। हालांकि, तलाशी के दौरान कहीं भी शराब नहीं मिली। जांच में यह भी जानकारी सामने आई कि बंडा शराबकांड के बाद कमलेश ने शराब की बिक्री बंद कर दी थी।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएगी मौत की असली वजह

एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों मृतकों की बीमारी से संबंधित पुरानी जानकारी जुटाई गई है। उनके परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं। फिलहाल दोनों की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों के सरकारी शराब दुकान से शराब खरीदने की जानकारी सामने आई है। क्षेत्र में अवैध शराब की दुकानें बंद होने की बात भी कही गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतकों की मेडिकल हिस्ट्री और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के साथ-साथ जहरीली शराब की आशंका को भी जांच में शामिल किया गया है।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →