मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर पुलिस का रातभर कॉम्बिंग अभियान, 700 जवानों ने की कार्रवाई; 230 से अधिक वारंटी-फरार आरोपी पकड़े

रिपोर्ट: खबर का असर .कॉम
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
सागर पुलिस का रातभर कॉम्बिंग अभियान, 700 जवानों ने की कार्रवाई; 230 से अधिक वारंटी-फरार आरोपी पकड़े
Sponsor Ad

अपराधियों पर सागर पुलिस का प्रहार, 700 से अधिक पुलिसकर्मी मैदान में उतरे

230 से अधिक वारंटियों और फरार आरोपियों पर कार्रवाई, 213 गुंडा-हिस्ट्रीशीटरों की हुई चेकिंग

सागर। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, फरार अपराधियों और वारंटियों की धरपकड़ तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई के उद्देश्य से सागर पुलिस ने पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के नेतृत्व में पूरे जिले में रातभर व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। अभियान में 700 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एक साथ मैदान में उतरे।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने स्वयं पूरी रात अभियान की मॉनिटरिंग की। उन्होंने विभिन्न थाना क्षेत्रों में चल रही कार्रवाई की लगातार जानकारी लेते हुए अधिकारियों और पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी सहित जिले के सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिस बल अभियान में सक्रिय रहे।

कटरा बाजार से शुरू हुआ अभियान

कॉम्बिंग गश्त की शुरुआत कटरा बाजार से हुई, जहां पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने शहर के संपूर्ण पुलिस बल को ब्रीफ किया। उन्होंने अभियान की प्राथमिकताओं और कार्रवाई की रणनीति के संबंध में निर्देश दिए। वहीं देहात क्षेत्र के पुलिस बल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिशा-निर्देश देकर एक साथ रवाना किया गया।

इसके बाद सागर शहर से लेकर जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस टीमें एक साथ सक्रिय हुईं। चिन्हित अपराधियों, वारंटियों, गुंडा और हिस्ट्रीशीटरों सहित संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की सघन चेकिंग और धरपकड़ की गई।

339 प्रमुख वैधानिक कार्रवाइयां

कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिलेभर में कुल 339 प्रमुख वैधानिक कार्रवाइयां की गईं। इनमें 112 स्थाई वारंटों की तामीली एवं गिरफ्तारी, 200 गिरफ्तारी वारंटों की तामीली एवं गिरफ्तारी, धारा 170 बीएनएसएस के तहत 12 कार्रवाई और 9 अन्य फरार आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई शामिल है। इसके अलावा अवैध शराब के 9 प्रकरणों में कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान 213 गुंडा एवं हिस्ट्रीशीटरों की भी चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने चिन्हित अपराधियों के घरों और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों और वर्तमान स्थिति का सत्यापन किया।

अपराधियों में मचा हड़कंप

पूरे जिले में एक साथ अचानक और व्यापक स्तर पर हुई कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों, अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस की टीमों ने रातभर दबिश, चेकिंग और गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी रखी।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि सागर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार वारंटियों, अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आमजन निर्भीक होकर रहें और अपराधियों को यह स्पष्ट संदेश है कि कानून की पकड़ से कोई भी बच नहीं सकता।

पुलिस के अनुसार इस प्रकार की योजनाबद्ध और व्यापक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

खबर का असर .कॉम
लेखक

खबर का असर .कॉम

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।