सागर: नगर निगम कार्यालय में महापौर ने किया ध्वजारोहण
सागर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर पालिक निगम सागर कार्यालय में गरिमामय ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, एमआईसी सदस्यों, पार्षदगण, नगर के गणमान्य नागरिकों तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को नमन किया।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल अंग्रेजी शासन से मुक्ति को स्मरण करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है और हमें अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बनाने के लिए मिलकर कार्य करना होगा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता, शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। ‘महापौर आपके द्वार’ जैसे जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं को जानने और उनके निराकरण का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ विकास को आगे बढ़ाते हुए सागर शहर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर सुविधाओं वाला शहर बनाने का संकल्प है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर समस्त नगरवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार ने नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम शहरवासियों के साथ-साथ निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के हितों के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारियों को समय पर वेतन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं, जिनमें सफलता भी मिली है। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ निगम निरंतर कार्य करता रहेगा।
निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी संस्था में समय के साथ अच्छे और चुनौतीपूर्ण दोनों प्रकार के दौर आते हैं, लेकिन नगर निगम बेहतर सेवाएं प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रगतिशील कदम बढ़ाता रहेगा। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों से नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता श्री सुशील तिवारी, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट श्री रिशांक तिवारी, एमआईसी सदस्य श्रीमती संगीता शैलेश जैन, श्री शैलेन्द्र ठाकुर, श्रीमती कंचन सोमेश जड़िया, पार्षद श्री रुबी कृष्ण कुमार पटेल, श्रीमती वैदेही पुरोहित, श्रीमती रानी अहिरवार, पार्षद प्रतिनिधि श्री कनई पटेल, श्री कृष्ण कुमार पटेल, श्री डब्बू साहू सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


