मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर : कॉन्वेंट स्कूल में देर रात हंगामा, धर्मांतरण के आरोप पर आमने-सामने आए हिंदू संगठन और स्कूल प्रबंधन

रिपोर्ट: खबर का असर .कॉम
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
सागर : कॉन्वेंट स्कूल में देर रात हंगामा, धर्मांतरण के आरोप पर आमने-सामने आए हिंदू संगठन और स्कूल प्रबंधन

सागर : खुरई के होली फैमिली कॉन्वेंट स्कूल में देर रात हंगामा, धर्मांतरण के आरोप पर आमने-सामने आए हिंदू संगठन और स्कूल प्रबंधन

सागर/खुरई। खुरई के होली फैमिली कॉन्वेंट स्कूल में शुक्रवार रात उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब हिंदू संगठनों से जुड़े दर्जनों युवक स्कूल के गेट पर पहुंच गए। युवकों ने जय श्रीराम के नारे लगाए और धर्म परिवर्तन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्कूल में चल रहे आयोजन पर सवाल उठाए। सूचना मिलते ही देहात और शहरी थाना पुलिस सहित आसपास के करीब पांच थानों का बल मौके पर पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में तीन युवतियों को सिस्टर बनाए जाने को लेकर कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान हिंदू संगठनों के लोग स्कूल पहुंचे और कार्यक्रम को लेकर धर्मांतरण की आशंका जताई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग स्कूल परिसर के अंदर भी पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की।

हिंदू संगठन के युवकों ने स्कूल प्रबंधन से कार्यक्रम के संबंध में जानकारी मांगी। इसके बाद उन्होंने स्कूल के कमरों में ठहरे बाहर से आए महिला-पुरुषों से भी मिलने की मांग की। पुलिस की मौजूदगी में कुछ लोगों से बातचीत की गई। इन लोगों ने बताया कि वे लंबे समय से ईसाई धर्म को मानते हैं। हालांकि, उनके आधार कार्ड में आदिवासी नाम दर्ज होने की बात सामने आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों का संदेह और बढ़ गया।

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए स्कूल परिसर में मौजूद लोगों को बाहर कर दिया। इसके बाद चर्चा के लिए कुछ युवकों को अंदर बुलाया गया। हालांकि, कुछ देर बाद स्कूल के मुख्य गेट के बाहर फिर से नारेबाजी और हंगामा शुरू हो गया। इसी दौरान पीछे के गेट के बाहर भीड़ में पहुंचे ईसाई समुदाय के एक युवक के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।

स्कूल की प्राचार्या सिस्टर केथरिन ने धर्मांतरण के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उनका कहना है कि स्कूल की तीन लड़कियां सिस्टर बनने जा रही हैं और यह उनके लिए महत्वपूर्ण आयोजन है। इसी कार्यक्रम की तैयारियां स्कूल में चल रही थीं। उन्होंने बताया कि सिस्टर बनने वाली युवतियों के परिजन बाहर से आए हैं और स्कूल परिसर में ही ठहरे हुए हैं। प्राचार्या के मुताबिक, कार्यक्रम में धर्म परिवर्तन जैसा कोई मामला नहीं है।

हंगामे की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। करीब चार घंटे तक चले विवाद के दौरान आसपास के करीब पांच थानों से भारी पुलिस बल स्कूल परिसर और आसपास तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया गया।

खबर का असर .कॉम
लेखक

खबर का असर .कॉम

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।