मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

SBI से 50 हजार निकालते ही रिटायर्ड शिक्षक हुए चोरी का शिकार, थैला काटकर नकदी ले उड़ीं दो युवतियां

रिपोर्ट: खबर का असर .कॉम
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
SBI से 50 हजार निकालते ही रिटायर्ड शिक्षक हुए चोरी का शिकार, थैला काटकर नकदी ले उड़ीं दो युवतियां

SBI से 50 हजार निकालते ही रिटायर्ड शिक्षक हुए चोरी का शिकार, थैला काटकर नकदी ले उड़ीं दो युवतियां

देवरी (सागर)। सागर जिले के देवरी स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा के बाहर एक 84 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक के साथ दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। बैंक से 50 हजार रुपए निकालने के कुछ ही देर बाद अज्ञात युवतियों ने उनका थैला काटकर पूरी नकदी पार कर दी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, तिलक वार्ड निवासी 84 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक तुलसीराम नेमा अपनी नातिन रूनझुन के साथ मकान निर्माण के लिए रुपए निकालने दोपहर करीब 3 बजे एसबीआई की देवरी शाखा पहुंचे थे। उन्होंने बैंक से 50 हजार रुपए निकाले और उन्हें अपने थैले में रख लिया। बैंक से बाहर निकलने के कुछ देर बाद जब उन्होंने थैला देखा तो वह कटा हुआ था और उसमें रखी पूरी राशि गायब थी।

घटना के बाद शिक्षक ने तत्काल देवरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध युवतियां दिखाई दी हैं। फुटेज में एक युवती पीले रंग का सूट पहनकर शिक्षक के आगे चलती नजर आ रही है, जबकि दूसरी पीछे से उनके करीब पहुंचती है। पुलिस को आशंका है कि इसी दौरान धारदार वस्तु से थैला काटकर नकदी निकाल ली गई।

थाना प्रभारी हरिराम मानकर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं दिखाई दी हैं। वहीं एसडीओपी अरुण उईके के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है और फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध युवतियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

खबर का असर .कॉम
लेखक

खबर का असर .कॉम

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।