मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

रक्षाबंधन पर कटरा बाजार में यातायात और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर निगम सख्त

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
Sponsor Ad
रक्षाबंधन पर कटरा बाजार में यातायात और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर निगम सख्त

रक्षाबंधन पर कटरा बाजार में यातायात और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर निगम सख्त

सागर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए कटरा बाजार में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कटरा मुख्य बाजार क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई, अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

निगमायुक्त ने कटरा मस्जिद से प्रसूतिकागृह की ओर लगी राखी की दुकानों सहित आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदारों से दुकानें व्यवस्थित तरीके से लगाने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। दुकानदारों को डस्टबिन रखने तथा पैकिंग मटेरियल, कागज और रैपर सड़क पर नहीं डालने की समझाइश दी गई।

निगमायुक्त ने निगम के अतिक्रमण अमले को निर्देश दिए कि रेहड़ी-पटरी, फुटपाथ दुकानें और ठेले निर्धारित रोड मार्किंग लाइन के अंदर ही लगवाए जाएं। उन्होंने कहा कि ग्राहक भी रोड मार्किंग के अंदर खड़े हों, ताकि वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह बनी रहे। सड़क पर दुकान लगाने या सामग्री रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई और जरूरत पड़ने पर सामग्री जब्ती के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान विजय टॉकीज चौराहे से कटरा मस्जिद तक फल-सब्जी की दुकानों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों को रोड मार्किंग के अंदर व्यवस्थित कराया गया। कटरा मस्जिद के पास सड़क पर सांची दुग्ध की क्रेटें रखकर अतिक्रमण किए जाने पर क्रेटें जब्त कराई गईं। बार-बार समझाइश के बावजूद अतिक्रमण करने पर संबंधित दुग्ध व्यापारी और एक जूता व्यापारी पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए।

निगमायुक्त ने तीनबत्ती से कटरा मस्जिद तक सड़क के दोनों ओर कई दिनों से खड़े चार पहिया वाहनों का भी निरीक्षण किया। ऐसे वाहनों की सूची तैयार कर पुलिस के माध्यम से कार्रवाई कराने के निर्देश दिए गए। मौके पर मौजूद कुछ वाहन मालिकों से संवाद कर वाहन हटवाए गए। साथ ही वाहनों के नीचे और आसपास जमा कचरे की सफाई भी कराई गई।

निगमायुक्त ने कहा कि सड़क पर स्थायी रूप से वाहन खड़े रहने से यातायात प्रभावित होने के साथ सफाई व्यवस्था भी बाधित होती है। उन्होंने ऐसे वाहनों को टोचन कर जब्त करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। कटरा बाजार को स्थायी कार पार्किंग से मुक्त रखने के लिए पुलिस विभाग के सहयोग से कार्रवाई करने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि म्युनिसिपल स्कूल में निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग पूर्ण होने तक कटरा क्षेत्र के वाहन मालिक पद्माकर स्कूल मैदान में अपने वाहन व्यवस्थित रूप से पार्क करें। सड़क से स्थायी रूप से वाहन हटने पर बाजार में रेहड़ी-पटरी दुकानों के लिए पर्याप्त स्थान मिलेगा और नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी।

निगमायुक्त ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे त्योहारों पर बाजारों में बड़ी संख्या में नागरिक खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में बाजार को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना नगर निगम के साथ दुकानदारों और नागरिकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से नगर निगम की व्यवस्थाओं का पालन करने और यातायात व स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।