जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया: सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने सांसदों के वेतन एवं भत्तों संबंधी संयुक्त समिति की बैठक में दिए महत्वपूर्ण सुझाव
सागर। सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने संसद भवन एनेक्सी में आयोजित सांसदों के वेतन एवं भत्तों संबंधी संयुक्त समिति की बैठक में सहभागिता करते हुए अनेक सुझाव रखे जिनका उद्देश्य संसद की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, डिजिटल, प्रभावी एवं जनहितकारी बनाना है। बैठक में रेलवे यात्रा प्रबंधन, ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था तथा हवाई यात्रा से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान डॉ. लता वानखेड़े ने सुझाव दिया कि डिजिटल एवं ऑनलाइन व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जाए, ताकि सांसदों की यात्रा संबंधी प्रक्रियाएँ सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध हों। उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित प्रणालियों के माध्यम से अनावश्यक प्रक्रियाओं को कम करते हुए प्रशासनिक दक्षता बढ़ाई जा सकती है।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि वर्तमान नीतियों के अनुरूप हवाई यात्रा एवं अन्य यात्रा सुविधाओं में व्यावहारिक सुधार किए जाएँ, जिससे जनप्रतिनिधि अधिक समय अपने संसदीय क्षेत्र एवं जनता के बीच दे सकें। साथ ही, उपलब्ध ऑनलाइन प्रणालियों एवं डिजिटल प्रक्रियाओं के प्रभावी उपयोग पर भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
डॉ. वानखेड़े ने कहा कि सशक्त एवं आधुनिक संसदीय व्यवस्था का सीधा लाभ जनता तक पहुँचने वाली सेवाओं, त्वरित निर्णय प्रक्रिया तथा बेहतर जनप्रतिनिधित्व के रूप में मिलता है। उनका विशेष जोर इस बात पर रहा कि प्रत्येक सुधार का अंतिम उद्देश्य जनसेवा को अधिक प्रभावी बनाना होना चाहिए।

