खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मिठाई और खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए नमूने
सागर। सुरक्षा आयुक्त, मध्यप्रदेश एवं कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देशानुसार जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण का अभियान लगातार जारी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए जा रहे हैं। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संचालकों को नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं।
उपभोक्ता की शिकायत पर सिविल लाइन स्थित न्यू ब्रिज वासी स्वीट्स का औचक निरीक्षण किया गया। टीम ने यहां काला जामुन, मिल्क केक, बेसन बर्फी एवं मावा बर्फी के नमूने जांच के लिए लिए। खाद्य सुरक्षा अनुपालन में अनियमितता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया जा रहा है।
इसी प्रकार मकरोनिया स्थित नंद रानी स्वीट्स के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया। यहां निर्माण में उपयोग किए जा रहे घी, बेसन के लड्डू एवं मावा बर्फी के नमूने लिए गए। टीम ने मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण में उपयोग होने वाले सभी कच्चे माल के पक्के बिल लेने के निर्देश दिए।
मेडिकल कॉलेज के पास स्थित श्री बालाजी कृपा रेस्टोरेंट का भी शिकायत के आधार पर निरीक्षण किया गया। यहां से मंचूरियन का नमूना जांच के लिए लिया गया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम तथा अनुसूची-4 में निर्धारित सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं का पालन नहीं पाए जाने पर धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया जा रहा है।
खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


