लापरवाही पर एक्शन: संभागायुक्त ने निवाड़ी में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों का किया निरीक्षण, जिला कार्यक्रम अधिकारी को कारण बताओ नोटिस
सागर। संभागायुक्त सागर दिलीप कुमार ने अपने निवाड़ी प्रवास के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभागीय कामकाज में गंभीर उदासीनता और अनियमितताएं पाए जाने पर संभागायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।
विभागीय निरीक्षण के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही सामने आने पर संभागायुक्त श्री दिलीप कुमार ने जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) निवाड़ी श्री विकास गुप्ता के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कार्य के प्रति लापरवाही बरतने और दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन न करने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
संभागायुक्त ने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और महिला-बाल विकास के संवेदनशील कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को समय पर और पारदर्शिता के साथ मैदानी स्तर पर काम पूरा करने की सख्त हिदायत दी है।








