सागर। जिले की बीना पुलिस ने चोरी की एक ऐसी वारदात का खुलासा किया है, जिसमें कहानी का सबसे चौंकाने वाला किरदार कोई शातिर चोर नहीं, बल्कि एक नाबालिग निकला। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने नाबालिग को ब्लैकमेल किया और जान से मारने की धमकी देकर उससे अपने ही परिवार के पुराने मकान में रखी लाखों रुपये की नकदी और सोने के जेवर चोरी करवा लिए।

17 जून 2026 को परिवार को पुराने पैतृक मकान में रखे सामान की जांच के दौरान चोरी का पता चला। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस के सामने करीब 13 लाख रुपये नकद और लगभग 40 तोला सोने की चोरी की कहानी सामने आई। पुलिस के मुताबिक इस वारदात के पीछे बीना निवासी आयुष मैना का हाथ था, जिसने नाबालिग को डराकर चोरी करने के लिए मजबूर किया।

चोरी की रकम हाथ लगते ही आरोपी ने कथित तौर पर जमकर खर्च किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अर्टिगा और वरना कार के साथ रॉयल एनफील्ड बुलेट बरामद की। इतना ही नहीं, चोरी के पैसों से आईफोन 17 प्रो मैक्स, आईफोन 15, वीवो मोबाइल, एसी, एलईडी टीवी, साउंड बॉक्स, बेड और अन्य सामान भी खरीदा गया।

मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। चोरी किया गया सोना आरोपी ने अपने मामा अंकुश बाल्मीक, निवासी गुना, को दे दिया था। पुलिस ने अंकुश के कब्जे से करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए। इनमें हार, चैन, कड़े, ब्रेसलेट, अंगूठियां, गिन्नी और मंगलसूत्र शामिल हैं। बरामद सोने की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों आयुष मैना और अंकुश बाल्मीक को गिरफ्तार किया है, जबकि सहयोगी सतीश अहिरवार और मोनू पाल को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कुल करीब 54.37 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के सामने यह मामला इसलिए भी हैरान करने वाला रहा क्योंकि चोरी की रकम को छिपाने के बजाय आरोपी कथित तौर पर महंगे सामान और वाहनों पर खर्च करता चला गया। जांच में गिरोह द्वारा अन्य चोरियों को अंजाम दिए जाने की बात भी सामने आने की जानकारी है, जिसकी पुलिस पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने मामले में दो बड़े चाकू भी बरामद किए हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं और चोरी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया और एसडीओपी अजय कुमार सनकत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप यादव, उप निरीक्षक लखन राज, कस्तूरी अहिरवार सहित पुलिस टीम ने मामले का खुलासा किया।


