मध्यप्रदेश में हवाई सेवाओं का बड़ा विस्तार, पहले चरण में बनेंगे 5 नए एयरपोर्ट; सिंगरौली से होगी शुरुआत
भोपाल। मध्यप्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में प्रस्तावित 10 एयरस्ट्रिप्स में से पहले चरण में 5 को एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। खास बात यह है कि इन नए एयरपोर्ट के निर्माण की शुरुआत सिंगरौली से होगी।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू ने रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में हुई विमानन विभाग की समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश की प्रस्तावित 10 एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट में बदलने में हरसंभव सहयोग करेगी।
10 शहरों को एयरपोर्ट से जोड़ने की तैयारी
मध्यप्रदेश सरकार ने सिंगरौली, सागर, नीमच, छिंदवाड़ा, मंडला, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, उमरिया और शहडोल की उन्नत एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया है। इनमें से पहले चरण में पांच एयरपोर्ट बनाए जाएंगे और इसकी शुरुआत सिंगरौली से होगी।
वर्तमान में प्रदेश में आठ एयरपोर्ट तैयार हैं। वहीं उज्जैन और शिवपुरी में नए एयरपोर्ट का निर्माण जारी है।
उज्जैन एयरपोर्ट के लिए 10 अक्टूबर की डेडलाइन
बैठक में उज्जैन और शिवपुरी एयरपोर्ट की प्रगति की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को दोनों परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उज्जैन एयरपोर्ट के लिए सभी जरूरी पर्यावरणीय अनुमतियां 10 अक्टूबर 2026 तक हासिल करने को कहा गया है।
सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन एयरपोर्ट को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एयरपोर्ट शुरू होने से देश-विदेश से उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
वहीं शिवपुरी में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए नई साइट की तलाश जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
2036 तक चलेगी उड़ान योजना, बनेंगे 100 नए एयरपोर्ट
केंद्रीय मंत्री नायडू ने बताया कि केंद्र सरकार ने उड़ान योजना को वर्ष 2036 तक बढ़ा दिया है। योजना के तहत अगले 10 वर्षों में देशभर में 100 नए एयरपोर्ट बनाने का लक्ष्य रखा गया है। मध्यप्रदेश के प्रस्तावित एयरपोर्ट भी इसी योजना के तहत विकसित किए जाएंगे।
6 महीने में 50 हजार से ज्यादा यात्रियों ने की हवाई यात्रा
विमानन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल ने बताया कि पिछले छह महीनों में मध्यप्रदेश के 50 हजार से अधिक यात्रियों ने हवाई सेवाओं का लाभ लिया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश में बढ़ती हवाई कनेक्टिविटी के प्रति लोगों के भरोसे को दर्शाता है।
प्रदेश में पीएम श्री वायु पर्यटन सेवा, पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा और पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा भी संचालित की जा रही हैं। पिछले महीने इंदौर से अबुधाबी के बीच सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू हुई है। इसके अलावा 10 अगस्त से चार नई सीधी हवाई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।
एयर एम्बुलेंस से 170 से ज्यादा गंभीर मरीजों को मिली मदद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा के जरिए अब तक 170 से अधिक गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाया गया है। सरकार के अनुसार इनमें 99 प्रतिशत मरीजों की जान बचाई गई। आयुष्मान कार्डधारियों के लिए यह सेवा निःशुल्क उपलब्ध है।
केंद्रीय मंत्री ने मध्यप्रदेश की एयर एम्बुलेंस सेवा की सराहना करते हुए इसे देश के लिए एक उदाहरण बताया।
बैठक में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सदस्य (प्लानिंग) अनिल कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक एच. पुल्ला, आयुक्त विमानन चंद्रमौली शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

