टांडा बरुड़ में उपवास के दौरान कैलाश होटल से खरीदी थी रबड़ी; 8 मरीज जिला अस्पताल में भर्ती, करीब 20 का सीएचसी में इलाज
खरगोन जिले के टांडा बरुड़ में हरतालिका तीज के अवसर पर रबड़ी खाने के बाद करीब 37 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। बीमार लोगों में महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं। सोमवार रात उपवास के चलते कई लोगों ने बस स्टैंड स्थित कैलाश होटल से रबड़ी खरीदकर खाई थी। इसके कुछ घंटे बाद देर रात लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में उपचार के लिए ले जाया गया।
खरगोन में 17 मरीज पहुंचे, 8 जिला अस्पताल में भर्ती
सिविल सर्जन डॉ. राजकुमारी देवड़ा ने बताया कि खरगोन में कुल 17 मरीज उपचार के लिए पहुंचे हैं। इनमें चार बच्चे भी शामिल हैं। 8 मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ अन्य मरीजों का इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है।
इसके अलावा करीब 20 मरीजों का उपचार टांडा बरुड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सभी मरीजों की स्थिति स्थिर है और इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार देखा जा रहा है।
बीमार लोगों में अकिला सहित एक मुस्लिम परिवार के पांच सदस्य भी शामिल हैं। रबड़ी खाने के बाद उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर परिवार के सदस्यों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
खाद्य सुरक्षा टीम ने होटल से रबड़ी के सैंपल लिए
घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार सुबह एसडीएम सत्येंद्र बैरवा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद बरुड़ पुलिस कैलाश होटल पहुंची और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कैलाश होटल से रबड़ी के नमूने लिए हैं। सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। एसडीएम सत्येंद्र बैरवा के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद सामने आएगा बीमारी का कारण
प्रशासन की शुरुआती जांच में रबड़ी खाने के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, लोगों की तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह क्या रही, यह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस भी घटना से संबंधित तथ्यों के साथ होटल और वहां तैयार की गई रबड़ी से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।
बीमार लोगों में मदन कुमरावत, सुनीता भावसार, मोनिका कुंदन राठौर, संजय कुमरावत, प्रतीक्षा कमल, गायत्री कमल, मनीषा दिनेश, मदन छगन, निकिता मंडलोई और राधा मंडलोई सहित अन्य लोग शामिल हैं।








