सागर में अपहरण की झूठी कहानी रच ₹2 लाख की फिरौती मांगने वाला अंतिम आरोपी गिरफ्तार
सागर। थाना देवरी क्षेत्र में युवक के अपहरण की झूठी कहानी रचकर परिजनों से ₹2 लाख की फिरौती मांगने तथा रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी देने वाले प्रकरण में देवरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रकरण के अंतिम फरार आरोपी सुनील कुर्मी को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनांक 12 जून 2026 की रात्रि फरियादी राजेश पिता प्रेम जाटव निवासी ग्राम डोंगर सलैया ने थाना देवरी में सूचना दी थी कि उसका पुत्र पवन जाटव उम्र 21 वर्ष दिनांक 09 जून को अपने मित्र का जन्मदिन मनाने के लिए सागर गया था, जो वापस घर नहीं लौटा।
दिनांक 11 जून को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फरियादी के मोबाइल पर फोन कर पवन का अपहरण करने की बात कही गई तथा उसे छोड़ने के एवज में ₹2,00,000 की फिरौती मांगी गई। रकम नहीं देने पर पवन की हत्या करने की धमकी भी दी गई।
फरियादी की सूचना पर थाना देवरी में अपराध क्रमांक 230/2026, धारा 140(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
तकनीकी जांच से खुली अपहरण की साजिश
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर श्री नरेंद्र सोलंकी के नेतृत्व में थाना देवरी पुलिस द्वारा विभिन्न पहलुओं पर जांच की गई।
पुलिस द्वारा पूर्व में प्रकरण में अरविंद दुबे, बलजीत सिंह, शुभम पटेल एवं पवन जाटव को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि फरार आरोपी सुनील पिता रघुवीर कुर्मी उम्र 26 वर्ष, निवासी झिरी (चूरामन) की लगातार तलाश की जा रही थी।
पुलिस टीम द्वारा सूचना संकलन एवं तकनीकी जांच के आधार पर फरार आरोपी सुनील कुर्मी की तलाश की गई। दिनांक 10 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन जप्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय देवरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे उपजेल रहली दाखिल किया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी देवरी निरीक्षक हरिराम मानकर, उप निरीक्षक समरथ सीनम, प्रधान आरक्षक 1398 महेन्द्र सहित थाना देवरी पुलिस टीम एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों तथा साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

