किशनपुरा में रास्ता बंद होने से छात्राओं की परेशानी, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर लगाई गुहार
सागर। ग्राम किशनपुरा की छात्राएं मंगलवार को परिजनों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। छात्राओं ने ज्ञापन सौंपकर हाईवे से गांव को जोड़ने वाला रास्ता खुलवाने और गांव तक बसों का आवागमन शुरू कराने की मांग की। छात्राओं का आरोप है कि किशनपुरा टोल प्लाजा के लोगों द्वारा रास्ता खोद दिए जाने के कारण बसें गांव तक नहीं पहुंच पा रही हैं। ऐसे में उन्हें बसों के इंतजार के लिए मुख्य सड़क पर खड़ा होना पड़ता है, जहां गुजरने वाले असामाजिक तत्वों द्वारा कमेंट किए जाने की परेशानी भी झेलनी पड़ती है।
बिना सूचना बंद कर दिया जाता है रास्ता
छात्राओं ने आवेदन में बताया कि गांव से पुराना सागर-बीना मार्ग-26(ए) निकलता है, जो आगे मूगरा सड़क मार्ग से भोपाल से जुड़ता है। यह मार्ग किशनपुरा सहित आसपास के ग्रामीणों के लिए आवागमन का प्रमुख रास्ता है। आरोप है कि किशनपुरा टोल प्लाजा के लोगों द्वारा बिना पूर्व सूचना और मनमाने तरीके से कभी भी आम रास्ते को बंद कर दिया जाता है।
बसें गांव तक नहीं पहुंचने से बढ़ी परेशानी
रास्ता बंद होने के कारण ग्रामीणों को सागर, खुरई, बीना सहित अन्य स्थानों पर आने-जाने में परेशानी हो रही है। गांव में संचालित बसें और अन्य यात्री वाहन भी गांव तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे रोजाना आने-जाने वाले ग्रामीणों के साथ विद्यार्थियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नरयावली-जरूआखेड़ा जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी
छात्राओं ने बताया कि जरूआखेड़ा और नरयावली जाने वाले विद्यार्थियों को बायपास टोल प्लाजा तक जाकर बसों का घंटों इंतजार करना पड़ता है। इससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। छात्राओं का कहना है कि बसों के इंतजार के दौरान सड़क पर असामाजिक तत्वों द्वारा कमेंट किए जाने से उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
छात्राओं और ग्रामीणों ने प्रशासन से रास्ता तत्काल खुलवाकर गांव तक बसों का नियमित आवागमन शुरू कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण चक्काजाम करने के लिए मजबूर होंगे।


