कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
सागर। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (PHC) कर्रापुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केन्द्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, ओपीडी व्यवस्था, प्रयोगशाला तथा स्वच्छता की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
कलेक्टर श्रीमती पाल ने सख्त निर्देश दिए कि मरीजों को बाहर से दवाई लाने के लिए नहीं लिखा जाए। एक्सपायर हो चुकी दवाओं को तत्काल हटाया जाए तथा बायो-मेडिकल वेस्ट का उचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से हितग्राहियों एवं मरीजों को मिलने वाली सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें, चिकित्सकीय उपकरण की उपलब्धता रहे तथा साफ-सफाई एवं स्वच्छता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा कोई भी सेवा बाधित न हो।


