कलेक्टर के निर्देश भी बेअसर! मकरोनिया में मानकों को दरकिनार कर बन रहे डिवाइडर,आये दिन होते हैं हादसे
सागर। मकरोनिया से बंडा रोड की ओर सड़क के बीच बनाए गए डिवाइडर इन दिनों वाहन चालकों के लिए परेशानी और हादसों का कारण बनते नजर आ रहे हैं। आए दिन दुर्घटनाओं के बावजूद जिम्मेदारों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका मकरोनिया के जिम्मेदारों के कान पर शिकायतों का कोई असर नहीं हो रहा है।
गुरुवार देर रात भी मकरोनिया क्षेत्र में डिवाइडर की वजह से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बताया जा रहा है कि रीवा से भोपाल जा रही चार्टर्ड बस के सामने अचानक एक ऑटो आ गया। ऑटो को बचाने के प्रयास में बस डिवाइडर से जा टकराई और डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलते ही मकरोनिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। वहीं चार्टर्ड बस के सागर कार्यालय की ओर से क्रेन बुलाकर बस को डिवाइडर से हटवाया गया तथा यात्रियों के लिए दूसरी गाड़ी की व्यवस्था की गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। इस दौरान बस चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मकरोनिया ही नहीं, सागर शहर के कई हिस्सों में भी डिवाइडर निर्माण और उनकी डिजाइन को लेकर सवाल उठते रहे हैं। कई स्थानों पर डिवाइडर तय मानकों के अनुरूप नहीं होने के कारण वाहन चालकों को अचानक दिशा बदलनी पड़ती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
खास बात यह है कि बीते दिनों कलेक्टर की ओर से भी डिवाइडर निर्माण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद निर्माण कार्य में तय मानकों का पालन नहीं होने के आरोप लग रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे और हादसों का इंतजार करने के बजाय डिवाइडरों को सुरक्षित मानकों के अनुरूप कब बनाया जाएगा?
मकरोनिया में लगातार सामने आ रहे हादसों के बाद अब नागरिकों ने प्रशासन से डिवाइडरों का तकनीकी निरीक्षण कराने और खामियों को तत्काल दूर करने की मांग की है।


