मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सिविल लाइन पुलिस की बड़ी सफलता, 48 घंटे में अंधे कत्ल का पर्दाफाश

रिपोर्ट: खबर का असर .कॉम
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
सिविल लाइन पुलिस की बड़ी सफलता, 48 घंटे में अंधे कत्ल का पर्दाफाश
विज्ञापन

48 घंटे में सुलझा अंधा कत्ल: नए बस स्टैंड के सामने मिले युवक के हत्यारे को पुलिस ने किया गिरफ्तार

सागर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने नए बस स्टैंड के सामने खाली मैदान में मिले युवक के अंधे कत्ल की गुत्थी 48 घंटे के भीतर सुलझाते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को नए बस स्टैंड के सामने स्थित खाली मैदान में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान 35 वर्षीय महेन्द्र अहिरवार निवासी किशोर न्यायालय बस्ती, सागर के रूप में हुई। मृतक के भाई सुरेन्द्र अहिरवार की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 226/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला कायम कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं नगर पुलिस अधीक्षक मकरोनिया ललित कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी आनंद सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल से मिले भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तिली निवासी सीताराम पटैल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि महेन्द्र अहिरवार के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर उसका विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान कहासुनी बढ़ने पर उसने आवेश में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर महेन्द्र की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।

पुलिस ने इस अंधे कत्ल का त्वरित खुलासा करने वाली टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि गंभीर अपराधों के शीघ्र खुलासे और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए सागर पुलिस लगातार प्रतिबद्ध है।

विज्ञापन
Ads1 / 4
खबर का असर .कॉम
लेखक

खबर का असर .कॉम

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।