घी बेचने के नाम पर 51 हजार रुपये की धोखाधड़ी, महिला ने मोतीनगर थाने में दर्ज कराई शिकायत
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र में सावंरिया घी खरीदने-बेचने के नाम पर एक महिला से 51 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
फरियादिया बड़ा बाजार सागर निवासी ने पुलिस को बताया कि वह अग्रबत्ती खरीदने-बेचने का काम करती हैं। इसी दौरान उनकी पहचान सचिन जैन से हुई। शिकायत के अनुसार सचिन जैन ने उन्हें बताया कि सावंरिया घी की खरीद-बिक्री में अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। इसके बाद सचिन जैन ने उनकी मुलाकात सचिन शर्मा से कराई और सावंरिया घी के कारोबार को लेकर बातचीत हुई।
शिकायत के मुताबिक सचिन जैन के कहने पर महिला ने 13 सितंबर 2024 को दोपहर करीब 1 बजे बंधन बैंक के खाते में 51 हजार रुपये जमा कराए। इसके बाद सचिन जैन और सचिन शर्मा कथित तौर पर टालमटोल करते रहे। महिला का आरोप है कि न तो उसे सावंरिया घी के संबंध में जानकारी दी गई और न ही उसके रुपये वापस किए गए।
काफी समय तक पैसे वापस मिलने का इंतजार करने के बाद महिला ने अपने पति के साथ मोतीनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत में तथ्यों के आधार पर अपराध दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
मोतीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह ने बताया हैं कि अब पूरे मामले में शिकायत में सामने आए सबूतों, लेनदेन और संबंधित बैंक खाते की जानकारी सहित अन्य तथ्यों की जांच की जा रही हैं।


