गौर जयंती समारोह के दौरान यूनिवर्सिटी में छात्रों के दो गुट भिड़े, जमकर चले लात-घूंसे
धक्का लगने की बात पर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचा, दो छात्र घायल; पुलिस और सुरक्षा गार्डों ने संभाला मोर्चा
सागर। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय परिसर में गुरुवार देर रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चलने लगे। अचानक हुई इस घटना से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में डॉ. हरिसिंह गौर की जयंती के अवसर पर सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जा रही थी। कार्यक्रम के दौरान धक्का लगने की बात को लेकर दो छात्र गुटों के बीच बहस शुरू हो गई। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि छात्र एक-दूसरे से भिड़ गए।
इसके बाद दोनों गुटों के बीच मारपीट शुरू हो गई। मौके पर मौजूद अन्य छात्रों ने बीच-बचाव कर विवाद रोकने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति कुछ देर तक तनावपूर्ण बनी रही। घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय के सुरक्षा गार्ड और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और मामला शांत कराया।
इस दौरान मारपीट में घायल हुए दो छात्रों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। देर रात तक पुलिस विवाद की वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही थी।








