पूर्व मंडी अध्यक्ष चित्तर सिंह लोधी, सरपंच रतन सिंह व सहयोगियों पर ग्रामीणों ने लगाए मारपीट और ट्रैक्टर से कुचलने के आरोप
सागर। सागर जिले की बंडा विधानसभा अंतर्गत शाहगढ़ जनपद के ग्राम मुडारी बुजुर्ग के कई ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर पूर्व मंडी अध्यक्ष चित्तर सिंह लोधी, सरपंच रतन सिंह तथा उनके सहयोगियों पर मारपीट, महिलाओं से छेड़छाड़, घर में घुसकर उत्पात मचाने, हवाई फायरिंग और ट्रैक्टर से कुचलने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार 5 अगस्त की रात करीब 10 बजे चित्तर सिंह लोधी, रतन सिंह एवं अन्य सहयोगी कथित रूप से बंदूक, पिस्टल और ट्रैक्टर लेकर गांव पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपियों ने महिलाओं के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की। विरोध करने पर सुरेंद्र सिंह लोधी और लाल सिंह लोधी पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। महिलाओं के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में आरोप है कि चित्तर सिंह लोधी के विरुद्ध कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से ग्रामीणों को धमका रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान हवाई फायरिंग कर गांव में दहशत फैलाई गई।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद वे थाना बंडा पहुंचे, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई और घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण भी नहीं कराया गया। शिकायत में पुलिस से निष्पक्ष जांच, आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी तथा ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
नोट: यह समाचार पुलिस अधीक्षक को दिए गए लिखित शिकायत-पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है तथा संबंधित आरोपियों और पुलिस का पक्ष प्राप्त होना शेष है।

