साइकिल से कोचिंग जा रहा था 13 वर्षीय समीर, रैलिंग तोड़कर पंचायत की दीवार से टकराई बोलेरो; ग्रामीणों ने वाहन के नीचे से निकाला
सागर/बीना। खिमलासा में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाईस्कूल और बस स्टैंड के सामने तेज रफ्तार बोलेरो ने साइकिल से कोचिंग जा रहे 13 वर्षीय छात्र को टक्कर मार दी। हादसे के बाद छात्र बोलेरो के नीचे फंस गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर उसे वाहन के नीचे से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल छात्र को पहले बीना सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सागर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार हादसे के समय समीर पिता जगदीश अहिरवार साइकिल से जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बोलेरो काफी तेज गति से आ रही थी। चालक ने वाहन रोकने के लिए ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान पैर एक्सीलेटर पर दब गया। इससे बोलेरो की रफ्तार अचानक बढ़ गई और वह साइकिल सवार छात्र से जा टकराई।
रैलिंग तोड़कर पंचायत की दीवार से भिड़ी बोलेरो
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो सड़क किनारे लगी लोहे की रैलिंग को तोड़ते हुए आगे बढ़ी और ग्राम पंचायत की दीवार से जा टकराई। इसी दौरान छात्र वाहन के नीचे दब गया। हादसे में उसकी साइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
ग्रामीणों ने वाहन के नीचे से छात्र को निकाला
ग्रामीणों ने छात्र को बोलेरो के नीचे फंसा देखा तो उसे बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। काफी प्रयास के बाद किसी तरह छात्र को वाहन के नीचे से निकाला गया। इसके बाद पुलिस और 112 को घटना की सूचना दी गई और घायल छात्र को उपचार के लिए बीना सिविल अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने छात्र को प्राथमिक उपचार दिया। हालत गंभीर होने पर उसे आगे के इलाज के लिए सागर रेफर कर दिया गया। छात्र के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें बताई जा रही हैं।
हादसे के बाद चालक से हाथापाई
दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। हादसे को लेकर लोगों में आक्रोश था और कुछ लोगों ने बोलेरो चालक के साथ हाथापाई भी की। बाद में चालक को खिमलासा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को हटाने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। पुलिस ने वाहन को थाने पहुंचाकर बोलेरो क्रमांक MP 15 T 1656 को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।


