डॉ. सर्वेश जैन ने बीएमसी डीन के नोटिस का दिया जवाब, आचरण नियमों के उल्लंघन से किया इनकार
सागर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) के डीन द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस का डॉ. सर्वेश जैन और धरना प्रदर्शन में शामिल अन्य डॉक्टरों ने अपना आधिकारिक जवाब प्रस्तुत कर दिया है। गौरतलब है कि भाग्योदय हॉस्पिटल प्रबंधन ने डॉक्टरों द्वारा अस्पताल के सामने किए गए प्रदर्शन और ट्रैफिक जाम को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर बीएमसी डीन ने संज्ञान लेते हुए जवाब मांगा था।
डॉ. सर्वेश जैन ने अपने स्पष्टीकरण में भाग्योदय हॉस्पिटल के साथ चल रहे पेमेंट विवाद को पूरी तरह व्यक्तिगत मामला बताया है। उन्होंने कहा कि वे अवकाश के दिन, अपने निजी समय में और बिना किसी सरकारी अधिकारी की हैसियत के उस धरने में शामिल हुए थे। यह प्रदर्शन शासन या उसकी किसी नीति के खिलाफ नहीं था, इसलिए सिविल सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन का प्रश्न ही नहीं उठता। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि शांतिपूर्ण विरोध और अभिव्यक्ति की आजादी हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, जिसकी विधिवत सूचना दो दिन पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट और मोतीनगर थाना प्रभारी को दे दी गई थी।
अस्पताल द्वारा लगाए गए ट्रैफिक जाम और एम्बुलेंस फंसने के आरोपों को खारिज करते हुए डॉ. जैन ने कहा कि स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी फुटेज से यह स्पष्ट देखा जा सकता है कि यातायात पूरी तरह सामान्य था। घटनाक्रम के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी दूर खड़े होकर हल्की बारिश में चाय का आनंद ले रहे थे। डॉ. जैन का आरोप है कि भाग्योदय ट्रस्ट की जांच कराने की उनकी पुरानी मांग का बदला लेने की नीयत से यह दुर्भावनापूर्ण शिकायत दर्ज कराई गई है।


