मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

दतिया उपचुनाव के बाद बड़ा एक्शन, क्राइम ब्रांच ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

रिपोर्ट: खबर का असर .कॉम
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
दतिया उपचुनाव के बाद बड़ा एक्शन, क्राइम ब्रांच ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

भोपाल/दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणाम आने के बाद राजनीतिक घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच मतदान के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष के कथित निष्कासन का फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी दतिया के भाजपा कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नाम और कथित हस्ताक्षर का दुरुपयोग करते हुए एक फर्जी लेटर तैयार किया था। इस पत्र में दतिया भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा को पद से हटाने और पार्टी से निष्कासित करने का कथित आदेश जारी होने का दावा किया गया था।

बताया गया कि मतदान के दिन इस फर्जी पत्र को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई। शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की और तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि फर्जी दस्तावेज किसने तैयार किया, उसे वायरल करने की साजिश में और कौन-कौन शामिल था तथा इसके पीछे की मंशा क्या थी। जांच के आधार पर आगे और कार्रवाई की जा सकती है।

खबर का असर .कॉम
लेखक

खबर का असर .कॉम

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।